इस साल संयुक्त राष्ट्र (UN) के यंग प्रोफेशनल्स प्रोग्राम (YPP) के तहत डेवलपमेंट एंड सस्टेनेबिलिटी विषय में भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है. इसके लिए अर्थशास्त्र, सामाजिक मामलों, डेटा साइंस, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे क्षेत्रों से जुड़ी डिग्री रखने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं. इस प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए कोई फीस नहीं ली जाती और फ्रेशर्स भी आवेदन कर सकते हैं, क्योंकि कार्य अनुभव अनिवार्य नहीं है. हालांकि, उम्मीदवारों को तय शैक्षणिक योग्यता, उम्र, भाषा और भाग लेने वाले देश की नागरिकता से जुड़ी शर्तें पूरी करनी होंगी. आवेदन Inspira पोर्टल के जरिए किया जाता है, इसलिए फॉर्म भरते समय डिग्री से जुड़ी जानकारी और जरूरी दस्तावेजों को सावधानी से जांचना जरूरी है.
कैसे मिलेगी पहली नौकरी?
यंग प्रोफेशन्स प्रोग्राम एक ऐसी पहल है, जो युवाओं को उनकी पहली नौकरी के लिए प्रोत्साहित करती है. इस प्रोग्राम का उद्देश्य दुनियाभर के प्रतिभाशाली युवाओं को यूएन सचिवालय में लेकर आना है. परीक्षा के सभी चरणों को पूरे करने वाले उम्मीदवारों को रोस्टर में शामिल किया जाता है.
क्या है प्रक्रिया?
बता दें कि परीक्षा की सारी प्रक्रिया को पास करने वाले उम्मीदवारों को रोस्टर में रखा जाता है. यह रोस्टर तीन साल तक के लिए मान्य होता है. इसके बाद से जब यूएन में जब उम्मीदवारों के हिसाब से कोई पद खाली होता है, तो इसी लिस्ट से लोगों का चुनाव होता है. हालांकि, यह बात भी ध्यान में रखनी होगी कि रोस्टर में नाम आने से नौकरी की गारंटी नहीं होती है. चयन होने पर 2 साल का फिक्स्ड-टर्म कॉन्ट्रैक्ट मिलता है. बेहतर प्रदर्शन के आधार पर इसे परमानेंट किया जा सकता है.
कहां मिलती है पोस्टिंग?
बता दें कि YPP 2026 के लिए परीक्षा का मुख्य फोकस विषय विकास और स्थायित्व यानी Development and Sustainability होता है. इसके जरिए चुने गए अधिकारियों की पोस्टिंग-
आर्थिक और सामाजिक मामलों का विभाग (DESA) व्यापार और विकास सम्मेलन (UNCTAD) और विभिन्न क्षेत्रीय आयोग में होता है. इसके साथ ही पोस्टिंग लोकेशंस की बात करें, तो युवाओं को न्यूयॉर्क, जिनेवा, वियना, नैरोबी, अदीस अबाबा, बैंकॉक, बेरूत और सैंटियागो जैसी ग्लोबल लोकेशंस मिलती हैं.
क्या होनी चाहिए योग्यता?
इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास कम से कम 3 साल की बैचलर डिग्री होनी चाहिए. संबंधित विषय इकोनॉमिक्स, स्टैटिस्टिक्स, डेटा साइंस, पर्यावरण, सोशल मामले या सस्टेनेबल डेवलपमेंट कोर्स किया हो सकता है.
क्या होगी एज लिमिट?
आवेदक की उम्र 32 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए (यानी उम्मीदवार का जन्म 1 जनवरी 1994 या उसके बाद हुआ हो). इसके अलावा उम्मीदवारों के पास अग्रेंजी और फ्रेंच भाषा की अच्छी नॉलेज होनी चाहिए.
आजतक एजुकेशन डेस्क