कॉलेज खत्म होने के बाद पहली नौकरी ढूंढना आसान नहीं होता. जॉब पोर्टल पर आवेदन करने से लेकर इंटरव्यू की तैयारी तक, कई बातों का ध्यान रखना पड़ता है. इस दौरान सबसे जरूरी है एक अच्छा रिज्यूमे बनाना. रिज्यूमे से रिक्रूटर को आपकी पढ़ाई, स्किल्स और काम के अनुभव की जानकारी मिलती है. ऐसे में छोटी-छोटी गलतियां भी आपकी छवि पर असर डाल सकती हैं.
लेकिन रिज्यूमे और सीवी में क्या अंतर है? और पहली नौकरी के लिए रिज्यूमे बनाते वक्त किन गलतियों से बचना चाहिए?
रिज्यूमे और CV में क्या अंतर है?
रिज्यूमे आमतौर पर छोटा और नौकरी के हिसाब से तैयार किया गया डॉक्यूमेंट्स होता है. इसमें आपकी पढ़ाई, स्किल्स, इंटर्नशिप और काम के अनुभव की जरूरी जानकारी होती है. वहीं, सीवी में पढ़ाई, रिसर्च, पब्लिकेशन और दूसरी अचीवमेंट्स की ज्यादा विस्तार से जानकारी दी जा सकती है. हालांकि, दोनों का इस्तेमाल नौकरी, संस्थान और देश के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है.
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की करियर गाइड द रिज्यूमे वर्सेस करिकुलम वाइटे (सीवी) में भी दोनों के बीच इस अंतर को समझाया गया है.
पहली नौकरी के लिए रिज्यूमे बनाते वक्त न करें ये 5 गलतियां
1. हर नौकरी के लिए एक ही रिज्यूमे भेजना
अगर आप हर कंपनी में एक ही रिज्यूमे भेज रहे हैं, तो यह गलती हो सकती है. जॉब की जरूरत के हिसाब से अपनी स्किल्स, इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट्स को जगह दें. हार्वर्ड की करियर गाइड भी रिज्यूमे को नौकरी के हिसाब से तैयार करने की एडवाइज देती है.
2. रिज्यूमे को बहुत लंबा बनाना
पहली जॉब के लिए आपके पास काम का अनुभव कम हो सकता है. ऐसे में रिज्यूमे को लंबा दिखाने के लिए गैरजरूरी जानकारी न जोड़ें. अपनी पढ़ाई, इंटर्नशिप, जरूरी स्किल्स और प्रोजेक्ट्स की जानकारी साफ तरीके से दें. नए ग्रेजुएट्स के लिए एक पेज का रिज्यूमे अच्छा विकल्प हो सकता है.
3. सिर्फ डिग्री और मार्क्स लिखना
रिज्यूमे में सिर्फ कॉलेज और डिग्री की जानकारी देना काफी नहीं है. अगर आपने कोई प्रोजेक्ट किया है, इंटर्नशिप की है या कॉलेज में किसी कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाली है, तो उसे भी शामिल करें. इससे रिक्रूटर को आपकी स्किल्स और काम करने के तरीके का अंदाजा मिलता है.
यह भी पढ़ें: Gen Z Monday Blues: सोमवार को ऑफिस जाने से क्यों घबराता है Gen Z? रात से ही होने लगती है ये टेंशन
4. स्पेलिंग और छोटी गलतियों को नजरअंदाज करना
रिज्यूमे में गलत स्पेलिंग, गलत ईमेल या फोन नंबर और बिखरा हुआ फॉर्मेट आपकी पर्सनैलिटी पर असर डाल सकता है. हार्वर्ड कॉलेज की गाइड क्रिएटिंग अ स्ट्रॉन्ग रिज्यूमे में भी स्पेलिंग, ग्रामर और कम्यूनिकेशन की जानकारी में गलतियों से बचने की एडवाइज दी गई है. रिज्यूमे भेजने से पहले इसे ध्यान से पढ़ें और किसी दोस्त या मेंटर से भी चेक करवा लें.
5. स्किल्स लिखना, लेकिन उदाहरण न देना
सिर्फ ये लिखना कि आपको कम्युनिकेशन, टीमवर्क या वीडियो एडिटिंग आती है, काफी नहीं है. जहां संभव हो, बताएं कि आपने इन स्किल्स का इस्तेमाल कहां किया. जैसे, इंटर्नशिप में खबरें लिखीं, कॉलेज प्रोजेक्ट में टीम संभाली या किसी इवेंट की जिम्मेदारी ली. इससे आपकी स्किल्स के बारे में ज्यादा साफ जानकारी मिलती है.
पहली नौकरी के लिए रिज्यूमे बनाते टाइम एक्सपीरीयंस कम होने की चिंता न करें. अपनी पढ़ाई, इंटर्नशिप, कॉलेज प्रोजेक्ट्स और सीखी गई स्किल्स के बारे में सही जानकारी दें. रिज्यूमे में सिर्फ जरूरी बातें लिखें और उसे आसान भाषा में रखें, ताकि पढ़ने वाले को आपके बारे में आसानी से समझ आ सके. ध्यान रखें कि रिज्यूमे उस नौकरी के हिसाब से हो, जिसके लिए आप आवेदन कर रहे हैं.
सारा सिंह