Oracle में हाल ही में हुई बड़ी छंटनी, जिससे दुनिया भर में करीब 30,000 कर्मचारी प्रभावित हुए, उसके बाद कंपनी में बचे कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं. इसी बीच कंपनी के एक कथित कर्मचारी की रेडिट पोस्ट वायरल हो गई है, जिसमें कर्मचारियों से अपनी काम की सीमाएं तय करने और जरूरत से ज्यादा काम न करने की सलाह दी गई है.
पोस्ट में लिखा गया है कि टीम की एक मीटिंग के दौरान एक सीनियर डायरेक्टर ने बताया कि अब कम कर्मचारियों के साथ काम करना होगा. ऐसे में सभी कर्मचारियों को अपनी दक्षता बढ़ानी होगी और तय किए गए काम पूरे करने के लिए खुद को थोड़ा ज्यादा खींचना पड़ेगा. पोस्ट के अनुसार, इसका मतलब साफ था कि जिन कर्मचारियों की नौकरी बची है, उन्हें निकाले गए कर्मचारियों का काम भी संभालना होगा.
कई यूजर्स ने शेयर किए अनुभव
Reddit यूजर ने अन्य Oracle कर्मचारियों को इस स्थिति में फंसने से बचने की सलाह दी है. उसने कहा कि कर्मचारियों को अपने तय काम के घंटे और जिम्मेदारियों तक ही सीमित रहना चाहिए. पोस्ट का मुख्य संदेश था कि अपना काम पूरी ईमानदारी से करें, लेकिन जितना भुगतान मिलता है उससे ज्यादा काम करने की आदत न डालें. ज्यादा काम करना केवल छंटनी के असली असर को छिपाने का काम करता है.
यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. कई यूजर्स ने अलग-अलग कंपनियों और इंडस्ट्री से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए. कई लोगों ने कहा कि छंटनी के बाद अक्सर बाकी कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का बोझ डाल दिया जाता है. वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी बताया कि ऐसे माहौल में अतिरिक्त काम से मना करना आसान नहीं होता, क्योंकि कई कंपनियों की संस्कृति में ओवरवर्क को अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित किया जाता है.
सिर्फ एक ईमेल भेजकर नौकरी से निकाला
कुछ Oracle कर्मचारियों ने छंटनी के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं. खासकर इस बात को लेकर नाराजगी है कि लंबे समय से कंपनी में काम कर रहे कर्मचारियों को भी सिर्फ एक ईमेल भेजकर नौकरी से निकाल दिया गया.
एक पूर्व Oracle कर्मचारी से जुड़ी एक और पोस्ट भी काफी चर्चा में है. 34 साल तक कंपनी में काम करने वाली कर्मचारी नीना लुईस के नाम से जुड़ी पोस्ट में दावा किया गया है कि छंटनी पूरी तरह रैंडम नहीं थी. पोस्ट में आरोप लगाया गया कि कंपनी ने चयन प्रक्रिया में सीनियर एग्जीक्यूटिव और मिड-लेवल मैनेजरों को ज्यादा निशाना बनाया. दावा यह भी किया गया कि जिन कर्मचारियों के पास ज्यादा इक्विटी और स्टॉक ऑप्शन थे, उन्हें हटाकर कंपनी भविष्य की वित्तीय देनदारियां कम करना चाहती थी.
इस बीच Oracle ने 31 मार्च से छंटनी का नया दौर शुरू किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक कई कर्मचारियों को सुबह करीब 6 बजे ही नौकरी खत्म होने के ईमेल मिल गए. आंतरिक संदेश में बताया गया कि उनकी भूमिकाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं. छंटनी का असर Oracle Health, Cloud, Sales और NetSuite समेत कई प्रमुख विभागों पर पड़ा. इसमें नए कर्मचारियों से लेकर कई दशक का अनुभव रखने वाले पुराने कर्मचारी भी शामिल रहे.
माना जा रहा है कि ये नौकरी कटौती कंपनी की बड़ी रणनीति का हिस्सा है. Oracle अपने संचालन को अधिक कुशल बनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है.
aajtak.in