किडनी रैकेट: SIT की गिरफ्त में आया दिल्ली के इस अस्पताल का CEO, अब तक 10 गिरफ्तार

कानपुर में 17 फरवरी को किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के सदस्यों को दबोचा गया था, उसी समय पीएसआरआई अस्पताल के डॉक्टर दीपक शुक्ला का नाम भी सामने आया था. इस मामले में अब तक कानपुर, दिल्ली, लखनऊ और कोलकाता के दस आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं.

Advertisement
प्रतीकात्मक फोटो प्रतीकात्मक फोटो

अनुज मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 08 जून 2019,
  • अपडेटेड 7:50 PM IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर के चर्चित किडनी रैकेट मामले में शुक्रवार देर रात पुलिस की स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (SIT) ने दिल्ली के पुष्पावती सिंहानिया रिसर्च इंस्टीट्यूट (पीएसआरआई) अस्पताल के सीईओ डॉक्टर दीपक शुक्ला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. आज उनसे कानपुर में पूछताछ की जा रही है.

कानपुर एसपी क्राइम के मुताबिक, जांच के दौरान सीईओ डॉक्टर दीपक शुक्ला का नाम सामने आया था, इसलिए उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और इस बाबत दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया था. बता दें कि कानपुर में 17 फरवरी को किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के सदस्यों को दबोचा गया था, उसी समय पीएसआरआई अस्पताल के डॉक्टर दीपक शुक्ला का नाम भी सामने आया था. इस मामले में अब तक कानपुर, दिल्ली, लखनऊ और कोलकाता के दस आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं.

Advertisement

पुलिस सूत्रों की मानें तो किडनी रैकेट के सरगना की अस्पताल से मिलीभगत के कई साक्ष्य पुलिस को मिले हैं. उन सभी की विस्तृत जांच की जा रही है. इसी संबंध में डॉ. दीपक को कानपुर लाकर पूछताछ की जा रही है.

पीएसआरआई हॉस्पिटल के चीफ ऑफ ऑपरेशन डॉक्टर संजीव गुप्ता ने बताया कि हॉस्पिटल की इस मामले में कोई संलिप्तता नहीं है. साथ ही बताया कि उनके हॉस्पिटल ने पुलिस और एसआईटी की जांच में पूर्ण रूप से सहयोग किया.

बता दें कि पीएसआरआई की को-आर्डिनेटर सुनीता वर्मा के भी फरार होने की खबरें सामने आई. हालांकि, इस बारे में डॉक्टर संजीव गुप्ता का कहना है कि सुनीता वर्मा के फरार होने की तमाम खबरें बेबुनियाद है और वो  काम पर आ रही हैं.

साथ ही उन्होंने अन्य सवालों के जवाब में ये कहा कि मामले की अभी जांच चल रही है, इसलिए अभी कुछ बता पाना संभव नहीं. बहरहाल, पुलिस ने डॉक्टर दीपक शुक्ला से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद ही सही मायने में ये साफ हो पाएगा कि इस मामले में उनका रोल है या नहीं.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »