डेरा प्रमुख पर फैसले से पहले समर्थकों ने जुटाए खतरनाक हथियार, केंद्र ने भेजे 9700 जवान

यौन शोषण केस में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर 25 अगस्त को आने वाले कोर्ट के फैसले के मद्देनजर हरियाणा, पंजाब सहित कई राज्यों में हाई अलर्ट किया गया है. हजारों की संख्या में डेरा समर्थक जुटने लगे हैं.

Advertisement
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम

मुकेश कुमार / सतेंदर चौहान

  • चंडीगढ़,
  • 23 अगस्त 2017,
  • अपडेटेड 1:39 PM IST

यौन शोषण केस में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर 25 अगस्त को आने वाले कोर्ट के फैसले के मद्देनजर हरियाणा, पंजाब सहित कई राज्यों में हाई अलर्ट किया गया है. राज्य पुलिस की मांग पर गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ के  9700 जवान भेजे हैं. वहीं, आईबी रिपोर्ट की माने तो फरीदकोट में डेरा समर्थकों ने घर की छतों पर भारी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और काफी नुकीले हथियार जमा कर लिए हैं. यदि फैसला डेरा प्रमुख के खिलाफ जाता है, तो वे भारी उपद्रव कर सकते हैं.

Advertisement

आईबी रिपोर्ट के मुताबिक, यदि पंचकूला की स्पेशल सीबीआई कोर्ट का फैसला डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ रहता है, तो डेरे से जुड़े लोग पंजाब के फरीदकोट और आसपास के इलाकों में सरकारी संपत्ति और वाहनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं. रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने और अनुयायियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश है. एसपी सहित सभी पुलिस अधिकारियों को अलर्ट किया गया है.

हरियाणा सरकार ने सभी जिलों में धारा 144 लागू कर दी है. इसके बाद भी हजारों की संख्या में डेरा समर्थकों को जुटना शुरू हो गया है. पुलिस ने बताया कि जरुरत पड़ने पर चंडीगढ़ क्रिकेट स्टेडियम को अस्थाई जेल के रूप में तब्दील कर दिया जाएगा. अतिरिक्त मुख्य सचिव राम निवास ने कहा कि सुरक्षा बलों को दूसरे राज्यों से लगने वाली सीमा के इलाकों में तैनात किया गया. कानून और व्यवस्था में बाधा पहुंचाने पर किसी को नहीं छोड़ा जाएगा.

Advertisement

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हालात बिगड़ने के डर से फतेहाबाद जिले में 25 और 26 अगस्त को होने वाली कई शादियों की तारीख बदल दी गई है. कई लोगों के यहां तो शादियों के कार्ड तक बंट चुके थे. फतेहाबाद के एक शख्स ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि उनके बेटे की शादी 25 अगस्त को तय थी. कार्ड बंट चुके थे. अचानक गुरमीत राम रहीम के केस की बात पता लगी तो हमने शादी 27 अगस्त तक बढ़ा दी, ताकि कोई दिक्कत न हो.

बताते चलें कि हरियाणा के पंचकुला में सीबीआई कोर्ट यौन शोषण केस में 25 अगस्त को फैसला देगी, जिसमें डेरा सच्चा प्रमुख आरोपी हैं. इस मामले की सुनवाई 2007 से चल रही है. गुरमीत राम रहीम के कई राज्यों में लाखों अनुयाई हैं. उन पर उनकी पूर्व महिला अनुयायी ने डेरा शिविर में कई बार रेप किए जाने का आरोप लगाया है. यह डेरा शिविर हरियाणा के सिरसा के बाहरी इलाके में है, जो चंडीगढ़ से 260 किमी दूर है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »