यूपी पुलिस के मुखिया भले ही नए आए गए हों, लेकिन बदमाशों के हौसले अभी भी बुलंद हैं. आम आदमी की तो छोड़िए, यहां बड़े पुलिस अफसरों के सगे-संबंधी भी महफूज नहीं हैं. वो भी वहां, जहां सूबे की सरकार बैठती हो और खुद डीजीपी का ऑफिस हो. ताजा मामला राजधानी लखनऊ का है. यहां बदमाशों ने पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की बहन को लूट लिया.
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के विकासनगर थाने के पास मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की बहन के गले से चेन लूट ली. वह घर के पास खरीदारी करने जा रही थीं. विकासनगर थाने से करीब 300 मीटर दूर पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनकी चेन लूट ली. वहां शोर सुनकर लोग आए, लेकिन बदमाश भाग गए.
पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की बहन शिखा सिंह विकासनगर नगर सेक्टर चार में रहती हैं. मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे वह खरीदारी करने जा रही थीं. पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब सीसीटीवी कैमरे में कैद संदिग्धों की तलाश में दबिश दे रही है. इस मामले की जांच जारी है.
थानाध्यक्ष सचिन कुमार गुप्ता ने बताया कि बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं, जिसमें बाइक सवार संदिग्ध कैद हुए हैं. उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है. बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट पहने हुए है, जबकि पीछे बैठा उसका साथी बिना हेलमेट के है.
बताते चलें कि में खौफ पैदा करने के लिए लगातार एनकाउंटर कर रही है, लेकिन फिर भी उनके हौसले बुलंद हैं. पिछले कई दिनों से लगातार राजधानी लखनऊ में बदमाश पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं. पांच दिनों से तो केवल लूट की कई बड़ी वारदातें हो चुकी हैं. चिनहट, हिंडोला, काकोरी और मलिहाबाद में लूट की घटनाएं हुई हैं.
मुकेश कुमार