महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. 23 साल की तरन्नुम नाइक का शव नाइकवाड़ी वॉटरफॉल के पास एक चट्टान से करीब 1,000 फीट नीचे खाई में मिला. इस मामले में पुलिस ने उसके 25 वर्षीय बॉयफ्रेंड श्रीपाद वडार को हत्या के शक में गिरफ्तार किया है. आरोपी पर तरन्नुम को चट्टान से नीचे धक्का देने का आरोप है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को श्रीपाद वडार खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और तरन्नुम की मौत की जानकारी दी. उसने बताया कि तरन्नुम तीसरे साल की इंजीनियरिंग की छात्रा थी और महाराष्ट्र के गारगोटी में अपनी नानी के साथ रहती थी. श्रीपाद ने पुलिस को बताया कि तरन्नुम चट्टान से फिसलकर या गिरकर गहरी खाई में चली गई थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम दुर्गम इलाके में पहुंची और काफी नीचे से छात्रा का शव बरामद किया.
पुलिस के मुताबिक, श्रीपाद ने पूछताछ में बताया कि वह और तरन्नुम पिछले साढ़े पांच साल से रिलेशनशिप में थे. दोनों के रिश्ते में तनाव की वजह तरन्नुम की शादी कहीं और तय होना बताई गई. आरोपी के मुताबिक, दोनों ने साथ में आत्महत्या करने का फैसला किया था. उसने दावा किया कि तरन्नुम ने पहले खाई में छलांग लगा दी, लेकिन आखिरी वक्त में उसकी हिम्मत जवाब दे गई और वह खुद नीचे नहीं कूदा. हालांकि, पुलिस को बाद में मिले कुछ सुरागों के आधार पर उसके इस बयान पर शक हुआ.
पुलिस के मुताबिक, तरन्नुम और श्रीपाद के बीच हुई बातचीत के मैसेज आरोपी के बयान से मेल नहीं खाते थे. पुलिस के अनुसार, मैसेज से संकेत मिला कि तरन्नुम के परिवार की ओर से उसकी शादी किसी दूसरे व्यक्ति से तय किए जाने को लेकर श्रीपाद नाराज था. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ाया और हत्या से जुड़ी धारा भी जोड़ दी.
पहले पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया था. लेकिन बाद में जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और चैट की पड़ताल के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 103(1) भी जोड़ दी. यह धारा हत्या के मामले से संबंधित है. पुलिस ने श्रीपाद को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. रविवार को अदालत ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
aajtak.in