उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। इंडो-नेपाल बॉर्डर से महज कुछ किलोमीटर दूर रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर ऊदल गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही परिवार को खत्म कर दिया. आरोपी ने कथित तौर पर जमीन बिक्री और जेवर के पैसों के विवाद में मां, पिता, दादी और बहन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. विरोध करने पर बड़े भाई पर भी हमला किया, जो गंभीर रूप से जख्मी है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है.
गांव में मचा कोहराम
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर ऊदल गांव में देर रात अचानक चीख-पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि 27 वर्षीय निरंकार ने गुस्से में आकर अपने ही घर में खून-खराबा कर दिया. उसने पहले अपनी वृद्ध दादी शीतला देवी (82), पिता बदलू राम (62) और मां संजू देवी (60) पर कुल्हाड़ी से हमला किया. इसके बाद उसने अपनी बड़ी बहन पार्वती (35) को भी नहीं बख्शा. घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई. ग्रामीणों के मुताबिक यह मंजर देखकर लोग सन्न रह गए.
बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला
जब निरंकार का बड़ा भाई गुरुदेव (30) बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो आरोपी ने उस पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया. इस हमले में गुरुदेव गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया गया कि घटना के समय गुरुदेव का नौ वर्षीय बेटा आजाद भी मौके पर मौजूद था, लेकिन वह सुरक्षित है. परिजनों और ग्रामीणों ने घायल गुरुदेव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
खुद को भी किया घायल
परिवार के चार सदस्यों की हत्या और भाई को घायल करने के बाद आरोपी निरंकार ने कथित तौर पर खुद को भी ईंट मारकर घायल कर लिया. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वह भी लहूलुहान हालत में मिला. उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल से लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. फिलहाल, उसका इलाज चल रहा है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
जमीन और जेवर के पैसों पर था विवाद
एसपी ग्रामीण डीपी तिवारी के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जमीन बिक्री और ज्वेलरी के पैसों को लेकर घर में विवाद चल रहा था. आरोपी निरंकार का आरोप था कि उसे हिस्से के पैसे नहीं दिए गए. इसी बात से नाराज होकर उसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि संपत्ति बंटवारे को लेकर परिवार में आए दिन कहासुनी होती थी.
परिवार की पृष्ठभूमि और आपसी रिश्ते
ग्रामीणों के अनुसार पूरा परिवार बाबा जय गुरुदेव का भक्त था. निरंकार अपनी पत्नी से अलग रहता था, क्योंकि उसकी पत्नी उसे पहले ही छोड़कर चली गई थी. वह अपने वृद्ध माता-पिता और दादी के साथ रहता था. वहीं बड़ा भाई गुरुदेव अपने नौ वर्षीय बेटे के साथ उसी घर में अलग हिस्से में रहता था. संपत्ति बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच तनाव की बातें भी सामने आ रही हैं.
मायके आई बहन भी बनी शिकार
मृतक बदलू राम की बेटी पार्वती अपने मायके बसंतपुर ऊदल गांव आई हुई थी. बताया जा रहा है कि गोंडा में आयोजित जय गुरुदेव समाज के एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह अपने भाई के साथ जाने वाली थी. लेकिन इसी बीच वह भी इस खूनी वारदात का शिकार बन गई. गुस्से में आरोपी ने अपनी बड़ी बहन को भी कुल्हाड़ी से मार डाला.
उठ रहे सवाल, रहस्य बरकरार
इस रहस्यमयी हत्याकांड ने पूरे गांव को झकझोर दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि निरंकार स्वभाव से मिलनसार था और उसके माता-पिता से ज्यादा विवाद नहीं होते थे. कुछ लोग बड़े भाई गुरुदेव के गुस्सैल स्वभाव का भी जिक्र कर रहे हैं. हालांकि पुलिस ने बड़े भाई की तहरीर पर छोटे भाई निरंकार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. दबी जुबान में लोग कई तरह की आशंकाएं जता रहे हैं, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रुपईडीहा थाना पुलिस और बाबागंज चौकी प्रभारी शिवेश शुक्ला मौके पर पहुंचे. सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. जिले के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
पुलिस का बयान
एसपी ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि आरोपी निरंकार के खिलाफ उसके बड़े भाई गुरुदेव की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जांच में जमीन और ज्वेलरी के पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई है. आरोपी ने कुल्हाड़ी से चार लोगों की हत्या की और भाई को घायल किया. घटना के बाद खुद को घायल करने के कारण उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
aajtak.in