प्रेमिका ने कॉल पर बॉयफ्रेंड को मिलने के लिए बुलाया, फिर यूं दिया गया खौफनाक वारदात को अंजाम

मृतक के परिजनों का दावा है कि प्रेमिका ने धोखे से फोन करके युवक को मिलने के लिए बुलाया. इसके बाद सुनियोजित तरीके से लड़की के परिजनों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक के दोस्त को भी जमकर पीटा गया. घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है. अब पुलिस लड़की सहित अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

Advertisement
घटना की जानकारी लेती पुलिस घटना की जानकारी लेती पुलिस

राजीव कुमार

  • आजमगढ़,
  • 28 अगस्त 2022,
  • अपडेटेड 11:15 AM IST

उत्तर प्रदेश के जौनपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक युवक को उसकी कथित प्रेमिका के नंबर से फोन करके मिलने के बहाने बुलाया गया. जब वह बताई हुई जगह पर पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद चार-पांच लोगों ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोपियों ने मृतक के साथ गए दो दोस्तों में से एक को भी अधमरा कर दिया और तीसरे को इसलिए छोड़ दिया जिससे वह दोनों को ले जा सके. उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई. घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

Advertisement

धोखे से बुलाकर हत्या करने का मामला दीदारगंज थाना क्षेत्र और जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली सीमा का है. आजमगढ़ सरायमीर थाना अंतर्गत रंगडीह गांव के रहने वाले पंकज राजभर (22) को शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे को एक फोन आया और उसे मिलने के लिए नाटोली गांव बुलाया. 

लोहे की रॉड से हमला किया
फोन आने के बाद पंकज अपने दो दोस्त अजीत उर्फ सब्बू (18) और हरेन्द्र उर्फ छोटू (17) के साथ बाइक से लड़की से मिलने के लिए जौनपुर जनपद के शाहगंज थाना इलाके के लिए निकल गया. यहां दीदारगंज थाना क्षेत्र के बार्डर में ही लोहे की रॉड और लाठी लिए चार-पांच लोगों ने उन्हें रोक लिया और पंकज को जमकर पीटने लगे. 

पंकज को बचाने गए अजीत पर भी लोहे की रॉड से हमला किया. हरेंद्र को बाइक साथ दूर खड़ा कर उसे धमकी दी कि इन दोनों को लेकर चला जा. किसी को कुछ बताया तो उसे भी जान से मार देंगे. बुरी तरह जख्मी पंकज और अजीत को लेकर हरेंद्र रात करीब तीन बजे गांव पहुंचा. तीनों को देखकर घरवालों को लगा कि शायद सड़क हादसा हुआ है. हरेंद्र ने हिम्मत करके पूरी बात घरवालों को बताई. घर पहुंचने के दौरान पंकज की जान जा चुकी थी.

Advertisement

गांव वालों और पंकज के परिवार ने 112 पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने अजीत को इलाज के लिए जौनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया और पंकज के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. घटना की सूचना पर पहुंचे फूलपुर सीओ गोपाल स्वरूप बाजपेई ने बताया कि पिता की तरफ से तहरीर मिली है. घटना जौनपुर के शाहगंज थाना और दीदारगंज क्षेत्र के बॉर्डर का मामला है. आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी है.

सदमे में परिजन
पुलिस की तहकीकात में सामने आया था कि पंकज का अक्सर बुआ का घर आना-जाना होता था. उसी दौरान उसकी दोस्ती एक लड़की से हो गई. इसकी जानकारी परिजनों को लग गई. इसी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया. पंकज के पिता जगदीश ने लड़की समेत अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है. वह अपने घर का एकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है. पंकज की हत्या के बाद से परिजन सदमे में हैं. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »