राजस्थान के अलवर में राहुल मीणा ने 21 अप्रैल की रात अपने पड़ोसी और दोस्त की पत्नी के साथ जबरन दुष्कर्म किया. आरोपी ने पहले पीड़ित के साथ एक शादी में जाने की जिद की और फिर वहां से चुपचाप लौटकर दोस्त की गैरमौजूदगी में उसके घर का दरवाजा खटखटाया. पति समझकर पत्नी ने दरवाजा खोला, जिसके बाद राहुल ने उसे डराकर दूसरे कमरे में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. घटना के समय पीड़िता के दो बच्चे भी घर में सो रहे थे. पीड़िता ने फोन पर रोते हुए अपने पति को इस हैवानियत की जानकारी दी, जिसके बाद मामला दर्ज कराया गया.
शादी में जाने की जिद और साजिश
पीड़िता के पति ने बताया कि मंगलवार शाम वह अपने दोस्त के साथ एक विवाह समारोह में कन्यादान करने जा रहा था. रास्ते में राहुल मिला और उसने साथ चलने की जिद शुरू कर दी. शादी में पहुंचने के बाद राहुल ने वापस घर छोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन पति ने खाना खाकर लौटने की बात कहकर मना कर दिया. इसके बाद राहुल किसी तरह अकेले ही गांव वापस लौट आया. उसने सीधे अपने दोस्त के घर की कुंडी खटखटाई, जिसे पति की आहट समझकर उसकी पत्नी ने खोल दिया.
धोखा देकर घर में घुसा और की दरिंदगी
रात के करीब 10 बजे राहुल ने पीड़िता से झूठ बोला कि उसका पति बाहर बुला रहा है. जैसे ही महिला बाहर आई, राहुल ने उसे पकड़ लिया और जबरन दूसरे कमरे में ले गया. आरोपी ने पीड़िता को बेहोश कर उसके साथ बुरा काम किया. वारदात के बाद जब आरोपी वहां से भाग निकला, तब पीड़िता ने अपने पति को फोन किया. उसने रोते हुए कहा, "राहुल आया था और उसने मेरे साथ बहुत बुरा काम किया है."
दिल्ली में हत्या से पहले अलवर में हैवानियत
राहुल मीणा की यह करतूत उसके आपराधिक इतिहास का केवल एक हिस्सा है. अलवर की इस घटना के बाद वह दिल्ली पहुंचा, जहां उसने एक आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अपने परिचितों और दोस्तों के भरोसे का फायदा उठाकर ऐसी घटनाओं को अंजाम देता था. फिलहाल पुलिस ने अलवर में हुए इस दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच को आगे बढ़ा रही है.
हिमांशु शर्मा