मुंबई में मैक्सिकन महिला DJ के साथ रेप, अब आरोपी के वकील ने किया चौंकाने वाला खुलासा

आरोपी प्रतीक पांडे की ओर से उसके वकील अक्षय गोसावी ने बताया कि यह केस धारा 376 का घोर दुरुपयोग है, उनके मुवक्किल को गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है. यह सब आपसी संबंध का मामला था. वे दोनों रिलेशनशिप में थे, यहां तक कि उन्होंने एक साथ काम किया और यात्रा भी की.

Advertisement
आरोपी प्रतीक को 2 दिसंबर तक पुलिस रिमांड में भेजा गया है आरोपी प्रतीक को 2 दिसंबर तक पुलिस रिमांड में भेजा गया है

देव अमीश कोटक

  • मुंबई,
  • 01 दिसंबर 2023,
  • अपडेटेड 7:28 PM IST

मुंबई में एक मैक्सिकन महिला डीजे के साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न किए जाने का मामले में अब आरोपी प्रतीक पांडे के वकील ने सफाई दी है. आरोपी के वकील का दावा है कि प्रतीक और पीड़िता रिलेशनशिप में थे. उन्होंने एक साथ काम किया और वे दोनों एक साथ ट्रेवल भी करते थे. इस मामले में धारा 376 का दुरुपयोग किया जा रहा है. आरोपी प्रतीक एक एंटरटेनमेंट और म्यूजिक कंपनी का संस्थापक और निदेशक है. 

Advertisement

आरोपी प्रतीक पांडे की ओर से उसके वकील अक्षय गोसावी ने स्पष्ट किया, "यह धारा 376 का घोर दुरुपयोग है, मेरे मुवक्किल को गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है. यह सब आपसी संबंध का मामला था. वे दोनों एक रिश्ते में थे, यहां तक कि उन्होंने एक साथ काम किया, और यात्रा भी की. यौन शोषण के आरोप बेहद चौंकाने वाले हैं क्योंकि ये दोनों प्रेम प्रसंग में थे. वो लड़की रिश्ते से बाहर चली जाती थी और फिर वापस लौट आती थी, ऐसा उसने कई बार किया. प्रतीक उन्हें टुमॉरोलैंड म्यूजिक फेस्टिवल में परफॉर्म करने के लिए ले गए थे."

वकील अक्षय गोसावी के मुताबिक, "आरोपी ने उसकी (पीड़िता) मदद की. इस कारण उसे अच्छी और नियमित आय होने लगी. उसकी आय बढ़ गई थी. लेकिन उसे मनोवैज्ञानिक समस्याएं थीं और जिस वजह से आरोपी और पीड़िता इलाज के लिए भी गए थे. उसके मैनेजर समेत अन्य लोगों ने भी उसके गैर-पेशेवर व्यवहार की शिकायत की. वह किसी और से शादी करके भी धोखा दे रही थी."

Advertisement

आरोपी के वकील ने कहा "हमारे पास यह साबित करने के लिए सबूत हैं कि दुर्व्यवहार की पिछली घटनाओं के बावजूद वो काम के लिए प्रतीक के संपर्क में थी. उसने कुछ साफ मैसेज भी भेजे हैं. आरोपी उसके काम के लिए कभी रास्ते में नहीं आया.”

आपको याद दिला दें कि  मैक्सिकन महिला डीजे के साथ रेप और यौनाचार करने वाले 36 साल के आरोपी प्रतीक पांडे को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. आरोपी एक म्यूजिक इवेंट कंपनी का मालिक है. उसने पीड़िता को उसका करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी थी. इस संगीन इल्जाम में गिरफ्तार किए गए आरोपी प्रतीक को डांस म्यूजिक समारोह और कार्यक्रम आयोजित करने में महारत हासिल है. 

आरोप है कि आरोपी प्रतीक ने 31 वर्षीय मैक्सिकन महिला का यौन शोषण किया और फेवर मांगा. पीड़िता मेक्सिको के टबैस्को की रहने वाली है. पीड़िता के साथ कोलकाता, बेंगलुरु, इंदौर और अंतरराष्ट्रीय संगीत समारोह, टुमॉरोलैंड में भी कई मौकों पर ज्यादती की गई. पीड़िता के वकील अरबाज़ पठान ने कहा कि आरोपी ने पीड़िता के पुरुष मित्र को भी जान से मारने की धमकी दी थी. आरोपी उसे ओरल सेक्स करने के लिए मजबूर करता था और उसे आपत्तिजनक तस्वीरें, भद्दे और धमकी भरे मैसेज और अश्लील संदेश भी भेजता था.

Advertisement

वकील के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी है कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसके म्यूजिक करियर को बर्बाद कर देगा. आरोपी के जैसे लोग विदेशी नागरिकों का काम देने के नाम पर उत्पीड़न और यौन शोषण करते हैं और यह हर कीमत पर रुकना चाहिए. पठान ने बताया कि पीड़िता पहली बार प्रतीक पांडे से जुलाई 2017 में मिली थी और वह म्यूजिक इवेंट और डीजे के काम को लेकर आरोपी से मिलती रही. 

शुरुआत में मॉडल बनने के लिए ही वो मुंबई आई थीं. नाम न छापने की शर्त पर पीड़िता ने कहा, "मैं मैक्सिकन वाणिज्य दूतावास के संपर्क में हूं जो सहायता की पेशकश कर रहे हैं और वे पुलिस के साथ भी संपर्क में हैं. मैंने किसी काम की मांग नहीं की थी, लेकिन बस कुछ काम करने की कोशिश कर रही थी. इस शोषण के सिलसिले की शुरुआत सबसे पहले साल 2019 में व्हाट्सएप पर सेक्सुअल चुटकुलों और संदेशों के रूप में हुई."

पीड़िता ने बताया, "आरोपी ने पहले अपने बांद्रा स्थित घर पर मेरे साथ जबरदस्ती की और बाद में काम देने के बदले में मुझे सेक्सुअली परेशान किया. वह चलते ऑटोरिक्शा में मेरा हाथ पकड़ लेता था और गलत तरीके से मुझसे अपने निजी अंगों को छूने के लिए कहता था. इस तरह की आखिरी घटना इसी साल अगस्त में हुई थी. मैंने यह सब पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की लेकिन फिर उसने मेरे दोस्तों और मुझे धमकी भरे संदेश भेजने शुरू कर दिए और कहा कि वह मेरा करियर खत्म कर देगा. आघात और यातना तब लौट आई. जब उसने उन लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया जो मुझे काम देते थे."

Advertisement

बांद्रा पुलिस स्टेशन ने जिस आरोपी को गिरफ्तार किया है, उसके खिलाफ बलात्कार, अप्राकृतिक यौन संबंध, आपराधिक धमकी, यौन उत्पीड़न, पीछा करना और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. अब अदालत ने प्रतीक पांडे को 2 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »