मेरठ में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपी इस बात से नाराज था कि उसकी प्रेमिका की शादी किसी दूसरे युवक से तय की जा रही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया. हत्या के बाद उसने युवती की लाश बिजली बंबा बाईपास के पास जंगल में फेंक दी. हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन किया और हत्या की जानकारी देकर सरेंडर कर दिया.
कॉल सेंटर में काम करती थी समरीन
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान समरीन के रूप में हुई है. वह मेरठ की शौकत कॉलोनी की रहने वाली थी और लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में उसका घर था. समरीन फतेहउल्लापुर इलाके में स्थित एक कॉल सेंटर में काम करती थी. गुरुवार सुबह उसका छोटा भाई उसे रोजाना की तरह काम पर छोड़ने गया था. पुलिस के अनुसार, समरीन के प्रेमी फिरोज ने उसे मिलने के लिए फोन किया था, जिसके बाद वह उससे मिलने पहुंची थी.
इस बात से नाराज था फिरोज
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, फिरोज और समरीन के बीच प्रेम संबंध थे. हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था. फिरोज ने पुलिस को बताया कि वह समरीन से शादी करना चाहता था और इस बात को लेकर उस पर दबाव भी बना रहा था. इसी दौरान उसे पता चला कि समरीन की शादी कहीं और तय की जा रही है. इस बात से वह नाराज था और दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था.
कहासुनी के बाद गला घोंटकर हत्या
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को दोनों की मुलाकात के दौरान इसी मुद्दे पर फिर से विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते उनके बीच कहासुनी बढ़ गई और फिरोज ने समरीन का गला घोंट दिया. इस हमले में समरीन की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी ने शव को बिजली बंबा बाईपास के पास एक जंगल में फेंक दिया. इसके बाद उसने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी.
खुद पुलिस के सामने किया सरेंडर
हत्या के बाद फिरोज ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल किया और खुद वारदात की जानकारी दी. उसने पुलिस को बताया कि उसने समरीन की हत्या कर दी है और लाश जंगल में पड़ी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पार्टापुर के पास से आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने समरीन के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
aajtak.in