लोहरदगा में सनकी शख्स का खूनी खेल, पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, 3 साल की बेटी गंभीर

झारखंड के लोहरदगा में सनकी युवक संदीप उरांव ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी, जबकि तीन साल की बेटी को गंभीर रूप से घायल कर दिया. हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो-ITG) पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो-ITG)

सत्यजीत कुमार

  • लोहरदगा,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:11 PM IST

झारखंड के लोहरदगा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक सनकी युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. इस दौरान आरोपी ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से अजीब लग रहा था.

Advertisement

यह सनसनीखेज मामला भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव का है. जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय आरोपी संदीप उरांव का किसी बात को लेकर घर में विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ गया कि उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और गुस्से में अपने 60 वर्षीय पिता सुरेन्द्र उरांव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इसके बाद उसने अपनी 27 वर्षीय पत्नी सुजाता उरांव को भी नहीं छोड़ा और उस पर कई वार किए. दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. 

इस परिवार के भीतर हुए खूनी हमले ने गांव के लोगों को हिला कर रख दिया. हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी रियांशी को भी नहीं बख्शा. उसने उस मासूम पर भी हमला कर दिया. कुल्हाड़ी के वार से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ हालत में घर के अंदर तड़पती रही. घर से चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सुरेन्द्र उरांव और सुजाता उरांव की मौत हो चुकी थी. 

Advertisement

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी. इस निर्मम वारदात के बाद पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है. लोग आरोपी की इस हैवानियत को लेकर हैरान हैं. भंडरा थाना के प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने सबसे पहले घायल बच्ची को अपनी गोद में उठाकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रांची रेफर कर दिया गया. 

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है. घायल बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को इस दोहरे हत्याकांड की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. 

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से परेशान लग रहा था और उसका व्यवहार पिछले कुछ दिनों से सामान्य नहीं था. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग मासूम बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »