बेगूसराय में कार्यरत और गया जिले की रहने वाली एक बीपीएससी शिक्षिका ने सीआईएसएफ के जवान मनजीत कुमार पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है. इस मामले में 13 जुलाई को पटना जिले के अथमलगोला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पीड़िता का आरोप है कि अगस्त 2025 में दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ था और अक्टूबर 2025 में इंगेजमेंट भी हुई. इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातें होने लगीं. शिक्षिका का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया. विरोध करने पर आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया, इसलिए वह चुप रही.
महिला का कहना है कि बाद में उसके पिता का निधन हो गया, जिसके बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और दूसरी जगह रिश्ता तय कर लिया. पीड़िता का आरोप है कि वह करीब दो महीने तक अथमलगोला थाना में शिकायत दर्ज कराने के लिए चक्कर लगाती रही, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया. इससे परेशान होकर उसने थाना परिसर में नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की.
बाढ़ के डीएसपी रामकृष्ण ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है. उन्होंने कहा कि महिला ने शादी का आश्वासन देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है. आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है.
वहीं, आरोपी के बड़े भाई अमित कुमार ने सभी आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि परिवार को लड़की पसंद नहीं थी और इसकी जानकारी पहले ही दे दी गई थी. उन्होंने दावा किया कि बाद में लड़की स्वयं उनके भाई से संपर्क करने लगी और अब दूसरी जगह शादी तय होने के बाद झूठे आरोप लगा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सौरभ कुमार