दिल्ली: iPhone के लिए कातिल बना शख्स, 16 साल के लड़के की गोली मारकर कर दी हत्या

दिल्ली में आईफोन के लिए एक शख्स ने 16 साल के लड़के की हत्या कर दी. घटना जामिया इलाके की है जहां आईफोन का पैसा लेकर फोन नहीं देने पर आरोपी ने नाबालिग की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
सांकेतिक तस्वीर सांकेतिक तस्वीर

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 02 अक्टूबर 2022,
  • अपडेटेड 7:29 AM IST

आईफोन को लेकर अक्सर लोगों में दीवानगी देखने को मिलती है लेकिन राजधानी दिल्ली में यही फोन एक नाबालिग लड़के की हत्या का कारण बन गया. आईफोन नहीं देने पर एक शख्स ने 16 साल के लड़के की गोली मार कर हत्या कर दी. ये सनसनीखेज वारदात दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के जामिया इलाके में हुई है. 

मरने वाले का नाम मोहम्मद अब्दुल्ला था. पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर की देर शाम दिल्ली के जामिया नगर थाने में सूचना मिली कि अजीम डेयरी इलाके में 16 साल के एक लड़के को गोली लग गई है. लड़के को होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची तो वहां पर मोहम्मद शफी नाम का एक युवक मिला. शफी ने बताया कि देर शाम वह घर के अंदर मौजूद था. जब बाहर निकला तो उसने देखा कि उसका भाई खून से लथपथ हालत में सड़क के किनारे पड़ा है. अब्दुला को गली लगी थी.

Advertisement

आसपास ना कोई संदिग्ध दिखा, ना गोली की आवाज सुनाई दी

हालांकि, जब पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की तो कोई घटना के बारे में जानकारी नहीं दे सका. लोगों का कहना था कि उन्होंने ना तो किसी संदिग्ध शख्स को देखा और ना गोली की आवाज सुनाई दी. घरवालों ने भी किसी से दुश्मनी होने से साफ इनकार कर दिया. 

सीसीटीवी से पकड़ में आया आरोपी

पुलिस ने कई सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की तो पता लगा कि वारदात के वक्त खालिद उस इलाके में मौजूद था. इसके बाद पुलिस ने खालिद को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की. सख्ती की गई तो खालिद टूट गया और उसने ना सिर्फ कत्ल की बात कबूल की, बल्कि जो वजह बताई वह बेहद हैरान कर देने वाली थी.

आईफोन नहीं दे रहा था, इसलिए गोली मार दी

Advertisement

खालिद ने बताया कि उसे आईफोन चाहिए था और अब्दुल्ला ने कहा था कि वह उसे आईफोन दिला देगा. इसके लिए उसने अब्दुल्ला को 72 हजार रुपए दिए थे, लेकिन अब्दुल्ला ना तो फोन दे रहा था और ना ही पैसे वापस कर रहा था, जिसकी वजह से 30 सितंबर की देर शाम मौका देखते ही अब्दुल्ला को बेहद करीब से गोली मार दी और मौके से भाग निकला था.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »