अमीर बनना किसका सपना नहीं होता, हर कोई अपनी कमाई में से कुछ न कुछ बचत करता है और उसे ऐसी जगह निवेश करना चाहता है, जहां जोरदार रिटर्न मिले और मोटा फंड जमा हो सके. अगर आप भी यही सोचकर इन्वेस्टमेंट प्लानिंग करना चाहते हैं, तो फिर एक खास फॉर्मूला आपके काम आ सकता है, इसे करोड़पति फॉर्मूला कहना भी गलत न होगा, क्योंकि इसके तहत किए गए निवेश के जरिए आपके खाते में 3 करोड़ रुपये का फंड जमा हो सकता है, जिससे रिटायरमेंट के बाद बुढ़ापे में पैसों की नो टेंशन.
10X12X30 फॉर्मूला सिस्टामेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी एसआईपी (SIP) के साथ में काम करता है, जो आपके द्वारा किए गए नियमित निवेश को मोटी रकम में तब्दील कर सकता है. आइए समझते हैं इसका पूरा कैलकुलेशन...
करोड़पति बनाएगा ये फॉर्मूला
करोड़पति बनने का लक्ष्य है, तो इसके लिए म्युचुअल फंड में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) काम आ सकता है. हालांकि, एसआईपी निवेश में 10X12X30 फॉर्मूले के तहत निवेश करना होगा. अगर ऐसा करते हैं, तो रिटायरमेंट तक 3 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड जमा हो सकता है. बिना फाइनेंशियल प्लानिंग के इस टारगेट को पाना मुश्किल है, ऐसे में सही समय पर निवेश की शुरुआत बेहद जरूरी है.
कैसे काम करता है 10X12X30 फॉर्मूला
इस करोड़पति एसआईपी फॉर्मूले को समझ लेना जरूरी है. दरअसल, इसके पहले हिस्से 10 से मतलब है कि आपको हर महीने अपनी कमाई में से 10,000 रुपये की सेविंग करनी होगा और इसे एसआईपी में निवेश करना होगा. अगला नंबर 12 एसआईपी रिटर्न से जुड़ा हुआ है. आमतौर पर SIP Return 12-16 या फिर 18 फीसदी तक भी रहता है, लेकिन हम भी सिर्फ औसत 12% को ही मान लेते हैं. इसके बाद 30 से मतलब है कि आपको हर महीने 10,000 रुपये की एसआईपी 30 साल की अवधि तक जारी रखनी होगी. अगर इस प्लान के जरिए निवेश करते हैं, तो फिर करोड़पति बन सकते हैं.
ये है करोड़पति बनने का गणित
इस फॉर्मूले को एसआईपी कैलकुलेटर की मदद से समझते हैं, तो अगर 30 साल की उम्र में आपने Mutual Fund में SIP की शुरुआत की है और 60 साल में रिटायरमेंट का प्लान लेकर चल रहे हैं. फॉर्मूले के तहत आप इन 30 सालों तक लगातार 10000 रुपये का मंथली निवेश करते हैं, तो फिर आपके द्वारा किया गया कुल निवेश 36,00,000 रुपये होगा, लेकिन इस पर कंपाउंडिंग के साथ मिलने वाला रिटर्न 2,72,09,732 रुपये होगा. ऐसे में आपका कुल जमा फंड 3,08,09,732 रुपये हो जाएगा, यानी आप करोड़पति बन गए होंगे.
कंपाउंडिग की पावर का दिखेगा कमाल
SIP में कंपाउंडिंग पावर कमाल करती है. इसका मतलब आसान शब्दों में होता है ब्याज पर मिलने वाला ब्याज. इसके जरिए समय के साथ किया गया छोटा-छोटा निवेश भी मोटे फंड में तब्दील हो जाता है. दरअसल, हर महीने किए गए एक निश्चित निवेश पर मिलने वाला रिटर्न फिर से मूलधन में जुड़कर अगले महीने नए सिरे से रिटर्न जेनरेट करता है. जितने लंबे समय तक के लिए निवेश किया जाता है, कंपाउंडिंग का लाभ भी उतना ही ज्यादा मिलता है.
निवेश बढ़ाकर पा सकते हैं ज्यादा रिटर्न
SIP लॉन्गटर्म इन्वेस्टमेंट प्लान है और इसके जरिए अगर करोड़पति बनने का सपना पूरा करना है तो इसके लिए अनुशासित और नियमित निवेश बेहद जरूरी है. जिससे कंपाउंडिंग का पूरा लाभ मिल सके. अपनी निवेश की जाने वाली रकम में थोड़ा-थोड़ा इजाफा करते हुए मिलने वाले रिटर्न में भी बढ़ोतरी कर सकते हैं और ज्यादा मोटा फंड जमा कर सकते हैं.
(नोट- किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)