मिडिल ईस्ट में जंग (Middle East War) तेज हो चुकी है और इसका असर दुनियाभर में देखने को मिल रहा है. बात कच्चे तेल की कीमतों (Crude Oil Price) में लगी आग की हो या फिर शेयर बाजार में मचे कोहराम की. सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की बात करें, तो इसके लिए विदेशों से बेहद खराब संकेत मिल रहे हैं. जी हां, जहां बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन अमेरिकी शेयर बाजार धड़ाम हो गए थे, तो सोमवार को एशियाई बाजार धराशायी (Stock Market Crash) नजर आ रहे हैं. Japan Nikkei 4000 अंक से ज्यादा क्रैश हो गया, तो वहीं हांगकांग का HangSeng 700 अंक से अधिक फिसलकर कारोबार कर रहा है. गिफ्ट निफ्टी में भी 500 अंक से ज्यादा की बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है.
बीते सप्ताह क्रैश हुए थे सेंसेक्स-निफ्टी
अमेरिका-इजरायल के साथ ईरान के युद्ध ने ग्लोबल टेंशन को चरम पर पहुंचा दिया है. क्रूड ऑयल की कीमतों में तमाम रुकावटों के चलते आग लगी हुई है, जो तमाम देशों में महंगाई का खतरा बढ़ाने के संकेत दे रही है. वहीं शेयर बाजारों में तो भगदड़ सी मची हुई है. Indian Stock Market में बीते सप्ताह जमकर उतार-चढ़ाव देखने को मिला था. आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को बीएसई का सेंसेक्स (BSE Sensex) 1097 अंक की गिरावट लेकर बंद हुआ था, तो वहीं NSE Nifty 315 अंक फिसलकर क्लोज हुआ था. बीते सप्ताह की गिरावट सोमवार को भी जारी रहने के सिग्नल मिल रहे हैं.
US मार्केट में भी मचा था कोहराम
बीते सप्ताह न सिर्फ भारतीय बाजार, बल्कि अमेरिकी शेयर बाजार भी क्रैश (US Stock Market Crash) हो गए थे. बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को अमेरिका में डाउ फ्यूचर्स (Dow Futures) 1120 अंक या 2.36 फीसदी गिरकर बंद हुआ था, तो वहीं Dow Jones 453 अंक टूटकर 47,522 पर क्लोज हुआ था. इसके अलावा S&P 157 अंक, तो NASDAQ 361 अंक तक बिखर गया था.
जापान से कोरिया तक बुरा हाल
बीते सप्ताह ग्लोबल मार्केट में इस तबाही का असर सप्ताह के पहले दिन एशियाई बाजारों में कारोबार की शुरुआत के साथ ही देखने को मिला है. जहां एक ओर Gift Nifty 575 अंक की गिरावट के साथ सेंसेक्स-निफ्टी (Sensex-Nifty) के लिए रेड सिग्नल दे रहा है. तो वहीं जापान का निक्केई बुरी तरह क्रैश (Japan Nikkei Crash) नजर आ रहा है. निक्केई इंडेक्स खबर लिखे जाने तक 4100 अंक या 7.40 फीसदी की गिरावट के साथ 51,407 पर ट्रेड कर रहा था.
इसके अलावा अन्य एशियाई बाजारों की बात करें, तो HanSeng Index 800 अंक से ज्यादा टूटकर 24,889 पर और साउथ कोरिया का कोस्पी (KOSPI) 440 अंक फिसलकर 5,096 पर आ गया.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क