शेयर बाजार में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिल रही है. इसके बड़ा रोल मार्केट कैप के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस निभाती हुई नजर आई. मुकेश अंबानी की कंपनी का शेयर मार्केट ओपन होने के कुछ देर बाद ही क्रैश हो गया. ये 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट लेकर कारोबार कर रहा था. अचानक रिलायंस स्टॉक में आई इस बड़ी गिरावट का असर कंपनी की मार्केट वैल्यू पर भी देखने को मिला है और ये 18 लाख करोड़ रुपये से भी नीचे आ गया है.
धराशायी होता चला गया रिलायंस
रिलायंस का शेयर सोमवार को अपने पिछले बंद 1350.90 रुपये की तुलना में मामूली गिरावट लेकर 1359 रुपये पर खुला था और कुछ देर इसी दायरे में कारोबार करता हुआ नजर आया. लेकिन अचानक इस शेयर की चाल बदली और शुरुआती सुस्ती तेज गिरावट में तब्दील होती चली गई. खबर लिखे जाने तक Reliance Stock करीब 5 फीसदी की गिरावट लेकर 1290 रुपये के लेवल पर कारोबार करता नजर आया.
मार्केट कैप में भी तगड़ी गिरावट
मुकेश अंबानी की कंपनी का शेयर फिसलने का सीधा असर इसके मार्केट कैपिटल पर भी पड़ा है. Reliance Market Cap एक झटके में फिसलकर 17.56 लाख करोड़ रुपये पर आ गया. बता दें कि रिलायंस शेयर का 52 वीक का हाई 1611.80 रुपये है, जबकि इसका 52 सप्ताह का लो-लेवल 1185 रुपये है.
इससे पहले बीते साल रिलायंस स्टॉक में जोरदार तेजी देखने को मिली थी और ताजा गिरावट के बाद भी इसका बीते एक साल का रिटर्न करीब 12 फीसदी बना हुआ है.
गिरावट का ईरान कनेक्शन!
Reliance Share Crash के पीछे की वजह देखें, तो इसका ईरान कनेक्शन नजर आता है. दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जारी है और डोनाल्ड ट्रंप की नई धमकियों के चलते ये रुकता नजर नहीं आ रहा है. इस बीच होर्मुज स्ट्रेट बंद होने के चलते तेल कंपनियों की बढ़ी टेंशन और भी चरम पर पहुंचती जा रही है. क्रूड की कीमतों में अचानक फिर से आए तेज उछाल ने इसे और भी बढ़ा दिया है, जो 110 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है.
बता दें कि तमाम सेक्टर्स में दबदबा रखने वाले देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस का ऑयल सेक्टर में भी बड़ा बिजनेस है. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और इसकी सप्लाई को लेकर जारी रुकावटों के चलते कंपनी के शेयर पर बुरा असर पड़ा है.
न सिर्फ रिलायंस, बल्कि होर्मुज टेंशन और Crude Oil Price Hike के चलते अन्य तेल कंपनियों के शेयरों में भी तगड़ी गिरावट देखने को मिली है. इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का शेयर (IOCL Share) 2.50%, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन का शेयर (BPCL Share), हिंदुस्तान पेट्रोलियम का शेयर (HPCL Share) और ओएनजीसी शेयर (ONGC Share) भी करीब 2% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क