अडानी ग्रुप के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से तेजी देखी जा रही है. इसका एक बड़ा कारण समाने आया है. खबर है कि म्यूचुअल फंड ने कुछ अडानी के शेयरों में बड़ा दाव लगाया है. प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के मुताबिक, फंड मैनेजर्स ने इस महीने सात अडानी स्टॉक्स पर दाव लगाया है और कुल 3,122 करोड़ रुपये का निवेश किया है.
फंड मैनेजर्स ने जिन शेयरों में पैसा लगाया है, उसमें अडानी पावर लिमिटेड, अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, अडानी पोर्ट्स, एसीसी लिमिटेड, सांघी इंडस्ट्रीज, अंबुजा सीमेंट और अडानी टोटल गैस उन अडानी समूह के शेयरों में शामिल हैं. मार्च के दौरान म्यूचुअल फंड ने इन शेयरों की खरीदारी की है, जिसके बाद इन शेयरों में अच्छी तेजी देखी जा रही है.
अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर पिछले 1 महीने में 10 फीसदी चल चुके हैं, जबकि अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर 26 फीसदी, अडानी पावर के शेयरों में 20 फीसदी की तेजी आई है. साथ ही अडानी टोटल गैस के शेयरों में 12 फीसदी तक की उछाल आई है. इसी तरह, बाकी शेयरों में तेजी देख्ने को मिली है.
अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड
मार्च में म्यूचुअल फंड ने अडानी एंटरप्राइजेज में म्यूचुअल फंडों की हिस्सेदारी फरवरी के 2.16 प्रतिशत से बढ़कर 2.84 प्रतिशत हो गई. घरेलू फंड़ों ने इस महीने 1,695.40 करोड़ रुपये प्राइस के ये शेयर खरीदे. मार्च के अंत में म्यूचुअल फंडों के पास 6,454.28 करोड़ रुपये के यह शेयर थे, जबकि फरवरी के अंत में यह आंकड़ा 6,023.62 करोड़ रुपये था.
अडानी ग्रीन एनर्जी
इस आधार पर, प्राइम डेटाबेस ने अनुमान लगाया कि म्यूचुअल फंड निवेशकों ने 723.86 करोड़ रुपये के अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर खरीदे, जिससे फरवरी में 2.67 प्रतिशत से बढ़कर उनकी हिस्सेदारी 3.18 प्रतिशत हो गई. मार्च के अंत में म्यूचुअल फंड निवेशकों के पास 4,228.54 करोड़ रुपये के अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर थे.
सीमेंट शेयर में भी हिस्सेदारी बढ़ाई
म्यूचुअल फंड निवेशकों ने सीमेंट निर्माता कंपनियों अंबुजा सीमेंट और एसीसी में क्रमशः 476.74 करोड़ रुपये और 17 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बढ़ाई है. मार्च के अंत में अंबुजा सीमेंट में उनकी 8.88 प्रतिशत और एसीसी में 7.97 प्रतिशत हिस्सेदारी थी.
अडानी पावर में भी बड़ी खरीद
मार्च में अदानी पावर में म्यूचुअल फंड की ओर से 374.84 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी देखने को मिली, क्योंकि संस्थागत निवेशकों ने महीने-दर-महीने आधार पर अपनी हिस्सेदारी 3.49 प्रतिशत से बढ़ाकर 3.63 प्रतिशत कर दी.
संघी इंडस्ट्रीज और अडानी टोटल गैस लिमिटेड दो ऐसे शेयर हैं जिनमें मार्च में म्यूचुअल फंड्स द्वारा 52 करोड़ रुपये तक की खरीदारी देखी गई. वहीं, म्यूचुअल फंड्स ने अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के 288 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.
ब्रोकर ने क्या कहा?
मार्च तिमाही के लिए जेएम फाइनेंशियल ने कहा कि अडानी पावर का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 12.3 प्रतिशत घटकर 2,278 करोड़ रुपये रह सकता है, जबकि बिक्री में 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होकर 14,309 करोड़ रुपये हो जाएगी. वहीं, जेएम फाइनेंशियल का अनुमान है कि अडानी एनर्जी का लाभ सालाना आधार पर 148 प्रतिशत बढ़कर 654 करोड़ रुपये हो जाएगा, जबकि अडानी ग्रीन का लाभ 46 प्रतिशत घटकर 296.70 करोड़ रुपये रह जाएगा.
अपनी चौथी तिमाही की समीक्षा रिपोर्ट में, पीएल कैपिटल ने अंबुजा सीमेंट के शेयर को 'एक्युमुलेट' कैटेगरी में अपग्रेड किया है और इसका अपडेट टारगेट 27,770 रुपये से बढ़ाकर 27,370 रुपये कर दिया है. यह मुख्य रूप से मार्च तिमाही के दौरान शेयर की कीमत में आई गिरावट और कंपनी द्वारा बिक्री बढ़ाने के निरंतर प्रयासों के कारण हुआ है. पीएल कैपिटल ने एसीसी के लिए 'बाय' की सलाह दी है और इसका टारगेट 2,188 रुपये रखा है.
(नोट- किसी भी शेयर में खरीदारी से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क