जन सुराज के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार की सियासत से लेकर भोजपुर एनकाउंटर, बांकीपुर उपचुनाव, पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों, INDIA गठबंधन और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले तक कई अहम मुद्दों पर आजतक के साथ बातचीत में खुलकर अपनी राय रखी है.
उन्होंने भोजपुर एनकाउंटर को हत्या बताया, सम्राट चौधरी पर तीखे आरोप लगाए और कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए उससे जुड़े किसी भी मामले में जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है.
भोजपुर एनकाउंटर पर प्रशांत किशोर ने कहा कि भरत तिवारी का एनकाउंटर नहीं हुआ है, हत्या हुई है.
सम्राट चौधरी पर कई सवाल!
बिहार की नई सरकार पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "सम्राट चौधरी पहली बार सत्ता में आए हैं, उन्हें अनुभव नहीं है और जोश में आकर अपराधियों के खिलाफ खुला एक्शन की बात कर रहे हैं. वे राजनीतिक तौर पर अपरिपक्व हैं."
उन्होंने आगे कहा कि सम्राट चौधरी की खुद की आपराधिक छवि है. भोजपुर एनकाउंटर पर सम्राट चौधरी ने अभी तक एक भी संवेदना का शब्द नहीं कहा है.
बिहार के मुख्यमंत्री के आपराधिक बैकग्राउंड की बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "सम्राट चौधरी पर भी सात हत्या का आरोप है लेकिन नाबालिग का सर्टिफिकेट दिखाकर वह जेल से छूट गए थे. वो ज्यादा दिन तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और बीजेपी उन्हें उत्तर प्रदेश चुनाव तक बना कर रखेगी. सम्राट चौधरी का चाल चरित्र और चेहरा मुख्यमंत्री बनते ही दिखने लगा है."
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी का एनकाउंटर बना सोशल मीडिया पर नंबर बढ़ाने का नया नुस्खा
उपचुनाव पर क्या बोले प्रशांत किशोर?
बांकीपुर उप चुनाव पर बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "बिहार में यह बीजेपी की सबसे मजबूत सीट है. बांकीपुर की जनता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री के रूप में चयन से नाराज है. बांकीपुर की जनता कह रही है कि उन लोगों ने सम्राट चौधरी के लिए नहीं नीतीश कुमार के लिए वोट दिया था."
उन्होंने आगे कहा कि मैं बांकीपुर का चुनाव लडूंगा. सबकी सहमति है तो मैं लडूंगा. मेरे लड़ने से अगर बांकीपुर में बीजेपी हारती है, तो मैं चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं.
प्रशांत किशोर ने कहा, "बांकीपुर का चुनाव जनमत संग्रह की तरह है क्योंकि पहली बार सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री रहते हुए बिहार में चुनाव हो रहा है. बुलडोजर एक्शन और एनकाउंटर के बाद पहली बार बिहार की जनता इस विधानसभा में वोट कर रही होगी.
इसके साथ ही, अयोध्या चंदा चोरी से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा, "किसी भी संस्थान में अकाउंटिबिलिटी की कमी होगी, तो ऐसी घटना होगी. ऐसी घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. राम मंदिर करोड़ों लोगों के आस्था का केंद्र है. हिंदुत्व की बात करना और उसकी बातों में यकीन रखना अलग बात है."
रोहित कुमार सिंह