बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है और जेडीयू खेमे से बड़ी खबर सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार फिलहाल कैबिनेट में शामिल होने के इच्छुक नहीं हैं. उनके डिप्टी CM बनने पर सस्पेंस है. बताया जा रहा है कि निशांत अभी संगठन स्तर पर काम करना चाहते हैं और पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहते हैं.
दरअसल, नई सरकार में निशांत को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा सियासी गलियारों में जोरों पर है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि वह इस जिम्मेदारी के लिए तैयार नहीं हैं. इससे साफ है कि फिलहाल निशांत सक्रिय राजनीति में सीधे तौर पर बड़ी जिम्मेदारी लेने से दूरी बनाए रखना चाहते हैं.
इसी बीच सरकार के मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने सम्राट चौधरी से मुलाकात की. यह मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली, जिसके बाद श्रवण कुमार उनके आवास से बाहर निकले.
बताया जाता है कि श्रवण कुमार कुर्मी समाज से आते हैं और नालंदा जिले से विधायक हैं, जो मुख्यमंत्री के करीबी माने जाते हैं. इस मुलाकात को नई सरकार के गठन से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल पटना पहुंचेंगे
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 14 अप्रैल को सुबह 10 बजे पटना पहुंचेंगे. वहीं बीजेपी विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक बनाए गए शिवराज सिंह चौहान भी 11 बजे के बाद पटना आएंगे. इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के भी पटना पहुंचने का कार्यक्रम है.
पटना में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है. मुख्यमंत्री आवास और लोकभवन के बीच सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग भी की गई है.
प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज है. पटना जिला प्रशासन और बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की लोकभवन में अहम बैठक हुई, जिसमें आगामी शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई.
जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और वीआईपी मूवमेंट जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की चूक न हो और सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें.
प्रशासन का कहना है कि समारोह को देखते हुए पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और हर स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.
शशि भूषण कुमार