बिहार: नीबू तोड़ने पर किशोर को बेरहमी से पीटा, हुई मौत... बवाल

बिहार के नालंदा ज़िले में मंगलवार को एक किशोर की एक बुज़ुर्ग व्यक्ति द्वारा "पेड़ से नींबू तोड़ने" के लिए पीटे जाने के बाद मौत हो गई. यह घटना ज़िले के सकरावा गांव में हुई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
पिटाई से किशोर की मौत. (Photo: Representational ) पिटाई से किशोर की मौत. (Photo: Representational )

aajtak.in

  • नालंदा,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:37 AM IST

नालंदा ज़िले में मंगलवार को एक मामूली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां पेड़ से नींबू तोड़ने को लेकर हुए झगड़े में एक किशोर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना सकरावा गांव की बताई जा रही है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा.

Advertisement

पिटाई से हुई मौत
पुलिस के मुताबिक किशोर गांव में ही रहता था. शुरुआती जानकारी के अनुसार वह आरोपी बुज़ुर्ग के पेड़ से नींबू तोड़ रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि गुस्से में आए बुज़ुर्ग ने किशोर की बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल किशोर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे. स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत गांव पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक माहौल गर्म बना रहा.

Advertisement

मामले को लेकर भरत सोनी ने बताया कि गांव वालों के अनुसार विवाद की शुरुआत नींबू तोड़ने को लेकर हुई थी. हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके. उन्होंने कहा कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

जांच में जुटी पुलिस
एसपी ने यह भी बताया कि ज़िलाधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और हालात का जायजा लिया. पुलिस के पहुंचने पर कुछ ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन भी किया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया.

फिलहाल गांव में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. गांव में मातम का माहौल है और मृतक किशोर के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement