प्रिंस यादव की मौत की मिस्ट्री: कोई दवा खाई या फिर रची गई साजिश? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

नेपाल के विराटनगर के एक होटल में हुई प्रिंस यादव की मौत अब रहस्य बनती जा रही है. इस बीच रौशन आनंद ने मौत को साजिश बताते हुए फैजल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आखिर प्रिंस की मौत कैसे हुई, क्या कोई दवा खाई गई थी या कुछ और हुआ? इन सवालों के जवाब के लिए सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

Advertisement
प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का सभी को इंतजार है (Photo: ITG) प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का सभी को इंतजार है (Photo: ITG)

aajtak.in

  • पटना ,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:32 PM IST

नेपाल का विराटनगर,  होटल का एक कमरा, फिर अचानक एक ऐसी खबर जिसने बिहार की कोचिंग दुनिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी. ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के निदेशक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत अब सिर्फ एक मौत का मामला नहीं रह गई है. यह रहस्य, आरोप, राजनीति और जांच के कई धागों में उलझी ऐसी कहानी बन चुकी है, जिसका हर नया मोड़ नए सवाल खड़े कर रहा है.

Advertisement

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर प्रिंस यादव की मौत कैसे हुई? क्या उन्होंने कोई दवा खाई थी? क्या तबीयत अचानक बिगड़ी? या फिर इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? इन तमाम सवालों का जवाब फिलहाल नेपाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पास है, जिसका इंतजार परिवार से लेकर आम लोगों तक सभी को है.

 हजारों लोगों की मौजूदगी में अंतिम विदाई

सहरसा जिले के पैतृक गांव धमसैना में सोमवार देर रात प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार किया गया. गांव की गलियों में सुबह से ही लोगों का हुजूम उमड़ने लगा था. जैसे-जैसे अंतिम यात्रा आगे बढ़ी, भीड़ बढ़ती गई. हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से प्रिंस को अंतिम विदाई दी. माहौल गमगीन था. परिवार के लोग बदहवास थे और हर किसी के चेहरे पर एक ही सवाल था आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक युवा जिंदगी अचानक खत्म हो गई ? इस दौरान जमानत पर जेल से बाहर आए रौशन आनंद भी मौजूद रहे. उन्होंने अपने भाई को अंतिम विदाई दी और भावुक होकर लोगों को संबोधित किया.

Advertisement

मेरा भाई चला गया, लेकिन आप लोगों में मुझे अपना प्रिंस दिख रहा है

अंतिम संस्कार स्थल पर रौशन आनंद की आंखें बार-बार भर आ रही थीं. उन्होंने लोगों से कहा कि उनके जीवन का सबसे बड़ा सहारा उनसे छिन गया है. रौशन आनंद ने कहा, मेरे कलेजे का टुकड़ा, मेरा छोटा भाई अब इस दुनिया में नहीं रहा. लेकिन आज जिस तरह हजारों लोग यहां पहुंचे हैं, उसे देखकर मुझे आप सभी में अपना प्रिंस दिखाई दे रहा है. अच्छे समय में नहीं तो कम से कम बुरे समय में हम हमेशा आपके साथ खड़े रहेंगे. उनके इस बयान के बाद मौके पर मौजूद कई लोगों की आंखें भी नम हो गईं.

जिस बेटे को पिता से मुखाग्नि मिलनी चाहिए थी...

रौशन आनंद ने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद दर्दनाक क्षण है. उन्होंने भावुक स्वर में कहा, आज जिस बेटे को अपने पिता को मुखाग्नि देनी चाहिए थी, आज वही पिता अपने बेटे को मुखाग्नि दे रहा है. इससे बड़ा दुख किसी परिवार के लिए क्या हो सकता है. 

जेल से निकले और लगा दिया बड़ा आरोप

बेउर जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद रौशन आनंद सीधे अपने गांव पहुंचे और भाई की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए. रौशन आनंद ने दावा किया कि उनके भाई की मौत सामान्य नहीं है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या कराई गई है और इसके पीछे बड़ी साजिश हो सकती है. यही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि जेल के अंदर उन्हें भी नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई गई थी.

Advertisement

मुझे जेल में मारने की साजिश रची गई

रौशन आनंद ने दावा किया कि जब वह जेल में थे, तब उन्हें खत्म करने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा, मेरे खिलाफ जेल के अंदर साजिश रची गई थी. मुझे मारने की योजना बनाई गई थी.हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जेल प्रशासन ने उनकी पूरी मदद की और सुरक्षा उपलब्ध कराई.

कोचिंग विवाद से शुरू हुई पूरी कहानी

दरअसल कुछ दिन पहले पटना में दो चर्चित कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद ने बड़ा रूप ले लिया था. खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर कथित तौर पर हिंसा, तोड़फोड़ और हंगामे की घटना हुई थी. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया और जांच शुरू की. इसी जांच के दौरान प्रिंस यादव का नाम भी सामने आया था. बताया गया कि घटना के बाद वह बिहार से निकलकर नेपाल के विराटनगर चले गए थे. लेकिन कुछ ही दिनों बाद विराटनगर के एक होटल से उनकी मौत की खबर आ गई. यहीं से पूरा मामला रहस्य में बदल गया.

 आखिर होटल के कमरे में क्या हुआ?

जांच से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण सवालों में यही शामिल है कि होटल के कमरे में प्रिंस यादव के साथ आखिर क्या हुआ था? क्या वह कमरे में अकेले थे? क्या उन्होंने कोई दवा या अन्य पदार्थ लिया था? क्या उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी? क्या मौत से पहले किसी ने उनसे मुलाकात की थी? नेपाल पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है. लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है.

Advertisement

राजनीति भी हुई गर्म

मामला सिर्फ परिवार और जांच एजेंसियों तक सीमित नहीं रहा. राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. विपक्षी नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. कुछ नेताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की जरूरत बताई है. तेजस्वी यादव ने इस मामने की सीबीआई जांच की मांग मुख्यमंत्री से की है. वहीं सोशल मीडिया पर भी लगातार बहस जारी है.

खान सर ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी तरफ खान सर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उन्होंने कहा है कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है और सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. खान सर का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों और सबूतों का इंतजार किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना से पहले प्रिंस यादव किन लोगों के संपर्क में थे और होटल में क्या हुआ था, इसकी जांच जरूरी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »