शादी को हुए थे 9 महीने, ससुराल में मिला 19 साल की गुंजा का शव... फिर उसी दरवाजे पर हुआ अंतिम संस्कार

बिहार के मुजफ्फरपुर के गांव में 19 साल की गुंजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. गुंजा के मायके वालों को पता चला तो मौके पर पहुंचे. मायके के लोगों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है. गुंजा के परिजनों ने ससुराल के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार कर दिया. वहीं पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.

Advertisement
ससुराल में मिला 19 साल की लड़की का शव. (Photo: ITG) ससुराल में मिला 19 साल की लड़की का शव. (Photo: ITG)

मणिभूषण शर्मा

  • मुजफ्फरपुर,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:46 PM IST

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक घर के दरवाजे पर चिता जली. उस घर में गुंजा की शादी हुई थी. उसके मायके वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था. अब उसी घर में उसकी मौत हो गई. मायके वालों को खबर मिली, वे पहुंचे और फिर ऐसा विवाद हुआ कि अंतिम संस्कार ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही किया गया.

Advertisement

मामला मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवाड़ा डीह गांव का है. मृतका का नाम गुंजा कुमारी था. उम्र 19 साल... इसी साल 23 जनवरी को उसकी शादी कुंदन कुमार से हुई थी. अब उसके पिता की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज हुआ है. पुलिस जांच कर रही है. गुंजा की मौत कैसे हुई, यह अभी साफ नहीं है. 

गुंजा मुजफ्फरपुर के कांटी की रहने वाली थी. उसके पिता का नाम रंजीत पासवान है. उसकी शादी रजवाड़ा डीह गांव के पलटन पासवान के बेटे कुंदन कुमार से हुई थी. दोनों ने प्रेम प्रसंग के बाद शादी की थी. शादी को एक साल भी नहीं हुआ था. इसी बीच गुंजा की मौत की खबर आ गई. परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे स्थानीय वार्ड सदस्य के जरिए उन्हें जानकारी मिली.

Advertisement

खबर सुनकर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे. वहां पहुंचने के बाद परिवार ने गुंजा की मौत पर सवाल उठाए. परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले शव को चुपचाप जलाने की तैयारी कर रहे थे. उनका यह भी कहना है कि मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद ससुराल के लोग घर छोड़कर चले गए.

यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा दहेज हत्या केस: रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका खारिज, कोर्ट बोला- आरोप बेहद गंभीर

गुंजा की मौत के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई. गुंजा की मां मंजू देवी और मामा छोटू कुमार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. परिजनों के मुताबिक, गुंजा के गले पर गहरे निशान थे. इसी वजह से उन्होंने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच और न्याय की मांग की. परिवार का कहना है कि वे धनतेरस के मौके पर दहेज का सामान देने की तैयारी कर रहे थे. गुंजा को दहेज के लिए परेशान किया जाता था.

ससुराल के दरवाजे पर ही क्यों हुआ अंतिम संस्कार?

गुंजा की मौत की सूचना मिलने के बाद मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों को समझाया और शव को अपने कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही गुंजा का अंतिम संस्कार कर दिया. वे न्याय की मांग कर रहे थे.

Advertisement

गुंजा के पिता रंजीत पासवान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति कुंदन कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है. नामजद लोगों में कुंदन का भाई चंदन पासवान, बहन प्रियंका और भाभी सुलेखा भी शामिल हैं. मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध मेहता के मुताबिक, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम ने घटनास्थल का जायजा किया और सबूत जुटाए. अब जांच का अहम सवाल यही है कि गुंजा की मौत कैसे हुई. क्या यह हत्या थी, आत्महत्या थी या कोई दूसरी परिस्थिति? फिलहाल इसका पक्का जवाब सामने नहीं आया है. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल, मुजफ्फरपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »