मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के गोरराहा गांव में नाबालिग बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता दिनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार बेटी के प्रेम संबंध से नाराज होकर पिता ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी और शव को बोरे में बंद कर पास की नदी में बहा दिया.
पुलिस ने ऐसे किया हत्याकांड का खुलासा
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस नदी में शव की तलाश कर रही है. जानकारी के अनुसार दिनेश यादव ने पहले अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी. उसने बताया था कि बेटी घास लाने के लिए खेत गई थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी.
इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. जांच के दौरान परिवार के सदस्यों के बयानों में विरोधाभास सामने आया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी. पूछताछ के दौरान बच्ची की छोटी बहन ने घटना से जुड़ी अहम जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस का शक पिता पर गहरा गया.
पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि वह बेटी के प्रेम संबंध से नाराज था. इसी नाराजगी में उसने कथित तौर पर दबिया से बेटी का गला काटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को एक बोरे में बंद किया और पास की नदी में बहा दिया.
डीएसपी ने क्या कहा?
इस संबंध में डीएसपी चेतनानंद झा ने बताया कि बच्ची के लापता होने की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की थी. परिवार के सदस्यों के बयानों में विरोधाभास मिलने पर जांच तेज की गई. बच्ची की छोटी बहन से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया.
वहीं, नदी में बहाए गए बच्ची के शव की तलाश के लिए खोजबीन जारी है. फिलहाल पुलिस शव की बरामदगी के प्रयास में जुटी है. शव मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच की कार्रवाई की जाएगी.
मुरारी कुमार सिंह