इंडियन क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप की शादी तय हो गई है. बिहार के रोहतास जिले स्थित बड्डी गांव के रहने वाले आकाश दीप बहुत जल्द दूल्हा बनने वाले हैं. उनकी शादी की तारीखें तय हो चुकी हैं और उनके पैतृक गांव से लेकर ससुराल तक में उत्सव का माहौल है. यह है शादी का पूरा शेड्यूल...
क्रिकेटर आकाश दीप की शादी के सभी कार्यक्रम बेहद पारंपरिक और रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होंगे. पूरा कार्यक्रम कुछ इस प्रकार तय किया गया है:-
21 जून (तिलक समारोह): आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी में भव्य तिलक समारोह का आयोजन किया जाएगा.
22 जून (मेहंदी रस्म): गांव के घर पर ही मेहंदी की रस्म निभाई जाएगी.
23 जून (हल्दी रस्म): पारंपरिक गीतों के बीच हल्दी का कार्यक्रम संपन्न होगा.
24 जून (शादी समारोह): शादी का मुख्य और भव्य समारोह उत्तर प्रदेश के वाराणसी के एक प्रतिष्ठित पांच सितारा होटल में आयोजित किया जाएगा.
कौन हैं आकाश दीप की होने वाली दुल्हन अक्षिता राज?
बिहार के ही रोहतास जिला के डेहरी के मानिकपुर के रहने वाली अक्षिता राज के साथ आकाश दीप की शादी तय हुई है. जो मानिकपुर गांव के अमित कुमार सिंह की पुत्री है.
आकाश दीप की दुल्हन बनने जा रही अक्षिता राज एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं. आकाशदीप की शादी उनके परिवार और रिश्तेदारों ने ही तय की है. यह पूरी तरह से परंपरागत और अरेंज मैरिज है.
गांव में जश्न का माहौल, सजने लगा घर
भले ही आकाशदीप इस समय अपने गांव में मौजूद नहीं हैं और अपनी शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए बाहर गए हुए हैं, लेकिन उनके बड्डी गांव में उत्साह सातवें आसमान पर है. देखें VIDEO:-
स्थानीय ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने मिलकर अभी से ही शादी की तैयारियां संभाल ली हैं. आकाशदीप के घर और आसपास के इलाके में शानदार सजावट और लाइटिंग का काम शुरू कर दिया गया है.
चूंकि आकाशदीप भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए सितारे हैं, इसलिए 24 जून को वाराणसी में होने वाले इस भव्य विवाह समारोह में क्रिकेट जगत के कई बड़े सितारे, नामचीन हस्तियां, अधिकारी और वीआईपी मेहमानों के शामिल होने की पूरी उम्मीद है. स्थानीय लोगों में अपने चहेते क्रिकेटर की शादी को लेकर गजब की खुशी और उत्सुकता देखी जा रही है.
रंजन कुमार