बिहार के दरभंगा जिले में मद्य निषेध टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना शनिवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो रविवार को सामने आया है. यह पूरा मामला बहेड़ा थाना क्षेत्र के धरौड़ा स्थित एक दलित टोले का है, जहां देशी शराब की सूचना पर छापेमारी की गई थी.
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि धरौड़ा के दलित टोले में अवैध रूप से देशी शराब बनाई और सेवन की जा रही है. इसी सूचना के आधार पर टीम शनिवार को छापेमारी के लिए गांव पहुंची. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुछ देशी शराब बरामद की और एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें: जिंदा जल गए पति- पत्नी और तीन माह का मासूम, दरभंगा में सिलेंडर फटने से दर्दनाक हादसा
जैसे ही टीम गिरफ्तार आरोपी को लेकर लौटने लगी, उसी दौरान कुछ लोगों ने ग्रामीणों को उकसा दिया. इसके बाद आरोपी के परिजन और गांव के कई लोग गोलबंद होकर पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे.
पुलिस टीम पर हमला, कई घायल
हमले का वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ देखा गया कि ग्रामीणों की भीड़ पुलिस टीम पर हमला कर रही है और पुलिस पीछे हटती नजर आ रही है. इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. एक पुलिस अधिकारी के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जिससे खून निकलता दिखाई दिया.
घायल पुलिसकर्मियों में एएसआई विनोद कुमार मिश्रा सहित अन्य जवान शामिल हैं. महिला सिपाही भी इस हमले में घायल हुई हैं. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम को तत्काल मौके से पीछे हटना पड़ा.
हमले के दौरान ग्रामीणों ने गिरफ्तार शराब कारोबारी को भी पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया. आरोपी को छुड़ाने के बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ.
प्राथमिकी दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दी गई. बहेड़ा थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. तीन लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अन्य लोगों को भी मामले में शामिल माना गया है.
घटना की पुष्टि थाना प्रभारी पंकज कुमार ने फोन पर की. उन्होंने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रह्लाद कुमार