बेगूसराय गैंगरेप केस में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. महिला से गैंगरेप के मामले में नामजद आरोपी नीतीश कुमार को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अमर निषाद को बेगूसराय से दबोचा गया है. इस मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है और अन्य आरोपियों की तलाश में कई राज्यों में छापेमारी चल रही है.
दरअसल, यह घटना चकिया थाना क्षेत्र की है, जहां 11 जून की देर रात महिला के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई थी. पीड़िता की शिकायत के बाद 13 जून को FIR दर्ज की गई और उसके बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम SIT का गठन कर कार्रवाई शुरू की थी. जांच का नेतृत्व सदर-टू डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: पूरे शरीर पर ब्लेड, बंधे हाथ पैर...बेगूसराय गैंग रेप पीड़िता की देवरानी ने सुनाई खौफनाक रात की दास्तां
पुलिस के अनुसार, अब तक पांच लोगों की संलिप्तता की पुष्टि हुई है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है और अन्य साथियों के शामिल होने की बात भी कही है. पुलिस को एक बाइक भी बरामद हुई है, जिसका इस्तेमाल घटना में किया गया था.
मेडिकल रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि हुई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. गिरफ्तार आरोपी नीतीश कुमार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वारदात शराब के नशे में अंजाम दी गई थी. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं. पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार के अलावा दूसरे राज्यों में भी लगातार छापेमारी की जा रही है. STF भी इस ऑपरेशन में सहयोग कर रही है.
पीड़िता द्वारा पहले दर्ज कराए गए मामले में भी एक आरोपी रामू महतो का नाम सामने आया था, जिस पर अब इस गैंगरेप केस में भी संलिप्तता के आरोप हैं. पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
पुलिस की लापरवाही पर कार्रवाई, थाना प्रभारी सस्पेंड
इस पूरे मामले में पुलिस स्तर पर लापरवाही भी सामने आई है. इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना के थानाध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया गया है. प्रशासन ने साफ किया है कि जांच में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एसपी मनीष ने बताया कि SIT और STF की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है. सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय और सदर-टू डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति की निगरानी में जांच तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
सौरभ कुमार