बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह को जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निकाले जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने इस मामले पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी से गद्दारी करने वालों का हाल देख लीजिए. उन्होंने साफ किया कि 'अनंत सिंह को उनकी तरफ से कोई ऑफर नहीं दिया गया है'. तेजस्वी ने इस बहाने उन नेताओं को भी याद दिलाया, जिन्होंने पहले RJD छोड़कर दूसरी तरफ का साथ दिया था.
बता दें कि JDU ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. उनकी पत्नी नीलम देवी को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया. पार्टी ने यह कार्रवाई पार्टी के निर्देशों की अनदेखी करने और विधान परिषद चुनाव में JDU उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने के आरोपों के बाद की. अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट पर JDU के नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था.
'समय बताएगा, मैंने पहले ही कहा था'
अनंत सिंह को लेकर सवाल पूछे जाने पर तेजस्वी ने पुराने घटनाक्रम का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब विश्वास मत के दौरान RJD के तीन विधायक पाला बदलकर दूसरी तरफ चले गए थे, तब अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी उनमें शामिल थीं. चेतन आनंद और प्रहलाद यादव का नाम लेते हुए तेजस्वी ने कहा कि उस वक्त उन्होंने आगाह किया था कि समय आने पर सब साफ हो जाएगा.
तेजस्वी ने कहा कि आज इन नेताओं की स्थिति देख लीजिए. उन्होंने दावा किया कि उस समय कही गई उनकी बातें अब सही साबित हो रही हैं. अनंत सिंह को RJD में लाने या उनकी मदद करने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि उनकी तरफ से किसी तरह का कोई प्रस्ताव नहीं है.
संजय झा से लेकर सीएम सम्राट चौधरी तक पर निशाना
तेजस्वी ने JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी से आए नेताओं ने JDU को बेच दिया है. तेजस्वी ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाया जा सकता है. उनके मुताबिक, चुनाव के 100 दिनों के भीतर ऐसा ही हुआ.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भी तेजस्वी ने बीजेपी को घेरा. उन्होंने कहा कि बीजेपी बात का बतंगड़ बना रही है, जबकि बिहार में जनता अपराध, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की समस्याओं से परेशान है. उन्होंने सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए बिहार सरकार को 'दो नंबरी सरकार' और मुख्यमंत्री को 'दस नंबरी' बताया. तेजस्वी ने दावा किया कि अगर NDA सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चुनाव लड़ता है तो उसे 10 सीटें भी नहीं मिलेंगी.
शशि भूषण कुमार