भारतीय बाजार में लंबे समय से शांत बैठी होंडा ने अपनी कमर कस ली है. कंपनी वित्तवर्ष 2026-27 में 6 कारें लॉन्च करने वाली है. इस हफ्ते कंपनी ने होंडा सिटी फेसलिफ्ट को लॉन्च किया है. इसके साथ ही कंपनी ने फ्लैगशिप एसयूवी होंडा जेडआर-वी (Honda ZR-V) को भी अनवील कर दिया है.
ये कार जुलाई से भारत में उपलब्ध होगी. होंडा कार इंडिया के सीईओ और प्रेसिडेंट ताकाशी नकाजिमा ने बताया है कि कंपनी इस वित्तवर्ष में 6 मॉडल को लॉन्च करेगी और कंपनी का फोकस हाइब्रिड पर होगा. इनमें से दो कारों को कंपनी ने पहले ही इंट्रोड्यूस कर दिया है.
हम बात कर रहे हैं होंडा सिटी फेसलिफ्ट और जेडआर-वी (ZR-V) की. दोनों ही गाड़ियां भारत में हाइब्रिड अवतार में आई हैं. कंपनी ने जेडआर-वी को रिवील कर दिया है, जिसकी प्री-बुकिंग शुरू हो गई है. ये कार जुलाई से डिलीवरी के लिए उपलब्ध होगी.
ताकाशी नकाजिमा ने बताया, 'वित्तवर्ष 2026 हमारे लिए एक माइलस्टोन होगा, जिसमें हम 6 स्ट्रैटजीक लॉन्च करेंगे. इससे मार्केट में हमारी ब्रांड पोजिशन मजबूत होगी. होंडा सिटी और जेडआर-वी सिर्फ इसकी शुरुआत होगी. हम इस मोमेंटम को नई लॉन्चिंग के जरिए जारी रखेंगे. इसमें ईवी भी शामिल होगी, जो जीरो अल्फा पर बेस्ड होगी.'
यह भी पढ़ें: 22Km माइलेज, 172Km टॉप स्पीड, भारत आई Honda की दमदार SUV
उन्होंने बताया कि इसमें नए नेमप्लेट भी होंगे, जो ग्लोबल लाइनअप का हिस्सा होंगे और एडवांस हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आएंगे. होंडा सिटी फेसलिफ्ट और जेडआर-वी के बाद कंपनी अपनी बॉर्न एसयूवी को लॉन्च करेगी, जो जीरो अल्फा पर बेस्ड होगी. इस कार की टेस्टिंग कई जगहों पर शुरू हो गई है.
इसके अलावा कंपनी अपनी एसयूवी एलिवेट (Elevate) को मिड-लाइफ अपडेट देगी. इस कार को लॉन्च हुए तीन साल हो गई है. इन चार प्रोडक्ट्स के अलावा कंपनी कुछ ग्लोबल आइकॉन को भी भारत में ला सकती है. बता दें कि जेडआर-वी भारत में सीकेडी रूट से आएगी. रिपोर्ट्स की मानें, तो कंपनी होंडा सिविक, एकॉर्ड और सीआर-वी में से किसी को भारत ला सकती है.
यह भी पढ़ें: 6 एयरबैग और ADAS की सेफ्टी, 27Km का माइलेज, लॉन्च हुई Honda City Facelift
इसके अलावा Prelude हाइब्रिड स्पोर्ट्स कार भी भारत में लॉन्च हो सकती है. इन 6 मॉडल्स के अलावा कंपनी एक कॉम्पैक्ट और नई मिडसाइज एसयूवी को भारत में लॉन्च करने वाली है. ये कार 2028 में लॉन्च होगी. हालांकि, कंपनी ने इस कार को कन्फर्म नहीं किया है. कंपनी की मानें, तो इस कार को भारत के लिए स्पेशली तैयार किया जाएगा.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क