बड़ी फैमिली के लिए ज्यादा सीटिंग कैपेसिटी वाली मल्टी पर्पज व्हीकल्स को बेस्ट माना जाता है. वहीं लग्ज़री कारों के मामले में ये सोच और बड़ी हो जाती है. जितनी बड़ी गाड़ी, उतना बड़ा रुतबा. लेकिन Mercedes-Benz की नई VLE इस कॉन्सेप्ट को थोड़ा और आगे ले जाती है. मर्सिडीज की ये नई एमपीवी महज एक कार नहीं बल्कि सड़क पर दौड़ता लग्जरी लाउंज है. 8 लोगों के बैठने की जगह, 700 किलोमीटर से ज्यादा रेंज और अंदर 31-इंच से भी बड़ी 8K स्क्रीन. यानी सफर लंबा हो तो भी बोरियत की कोई गुंजाइश नहीं है. तो आइये देखें कैसी है ये एमपीवी कार- (Photo: ITG)
जर्मनी की लक्जरी कार निर्माता Mercedes‑Benz ने अपनी आने वाली नई इलेक्ट्रिक एमपीवी VLE से पर्दा उठा दिया है. यह मॉडल पहले दिखाए गए Vision V कॉन्सेप्ट से प्रेरित है और कंपनी की नई इलेक्ट्रिक वैन लाइनअप का अहम हिस्सा होगी. कंपनी इसे अपने पोर्टफोलियो में VLS से नीचे रखेगी और इसे इसी साल लॉन्च करने की तैयारी है. (Photo: mercedes-benz.com)
खास बात यह है कि यह कार स्टैंडर्ड और लॉन्ग व्हीलबेस दोनों विकल्पों में आएगी. ग्राहकों को इसमें एएमजी लाइन, एएमजी लाइन प्लस और एक्सक्लूसिव जैसे अलग-अलग वेरिएंट भी मिलेंगे. जिन्हें ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार चुन सकेंगे. इन वेरिएंट में अलग-अलग बैटरी पैक का भी ऑप्शन मिलेगा. (Photo: mercedes-benz.com)
नई Mercedes-Benz VLE का डिजाइन काफी एयरोडायनामिक बनाया गया है. कंपनी का दावा है कि इसका ड्रैग कोएफिशिएंट 0.25Cd है. कार में लंबा फ्रंट ओवरहैंग, स्मूद रूफलाइन और राउंड-शेप लिए स्ट्रीमलाइन रियर डिजाइन दिया गया है. फ्रंट में बड़ी ग्रिल दी गई है जिसके चारों ओर लाइटिंग फ्रेम मिलता है. (Photo: mercedes-benz.com)
इसमें दिए गए हेडलाइट्स को जोड़ने वाली लाइट स्ट्रिप और स्टार-शेप DRL इसे खास लुक देते हैं. साइड में इलेक्ट्रिक स्लाइडिंग डोर दिए गए हैं और इसमें 19 से 22 इंच तक के व्हील ऑप्शन मिलते हैं. वहीं पीछे की तरफ पूरी चौड़ाई में फैली इनवर्टेड U-शेप लाइट दी गई है. ये कार कई अलग-अलग कलर ऑपशन के साथ आ रही है. (Photo: mercedes-benz.com)
Mercedes-Benz VLE के केबिन को काफी प्रीमियम और स्पेशियस बनाया गया है. इसमें अलग-अलग कॉन्फिगरेशन सेटअप के अनुसार 5 से 8 लोगों के बैठने की जगह मिलती है. जरूरत पड़ने पर पीछे की सीटें पूरी तरह हटाई भी जा सकती हैं, जिससे लगभग 4,078 लीटर तक का बड़ा लगेज स्पेस मिल जाता है. (Photo: mercedes-benz.com)
कंपनी इसमें तीन तरह की रियर सीट ऑप्शन दे रही है, जिनमें मैनुअल एडजस्ट होने वाली कंफर्ट सीट, इलेक्ट्रिक एडजस्ट होने वाली प्रीमियम कंफर्ट सीट और टॉप स्पेसिफिकेशन के साथ आने वाली ग्रांड कंफर्ट सीट शामिल हैं. इन तीनों तरह के सीटों में अलग-अलग सुविधाएं मिलती हैं, जिनकी कीमत भी भिन्न होगी. (Photo: mercedes-benz.com)
ग्रांड कंफर्ट सीट में पिलो, वायरलेस चार्जर, लंबर सपोर्ट और मसाज फीचर मिलता है. पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए फोल्डिंग टेबल भी दी गई हैं. ग्राहक चाहें तो पीछे तीन सीट वाली बेंच भी चुन सकते हैं, जो मैनुअल या इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट के साथ आती है. (Photo: mercedes-benz.com)
कार के अंदर घुसते ही फ्रंट रो में दिया गया सुपरस्क्रीन आपका ध्यान सबसे पहले अपनी तरफ खींचता है. डैशबोर्ड पर दी गई इस सुपरस्क्रीन में 10.25-इंच ड्राइवर डिस्प्ले, 14-इंच टचस्क्रीन और 14-इंच पैसेंजर स्क्रीन शामिल हैं. ये बड़ी स्क्रीन एक बड़े डिजिटल कॉकपिट का फील देते हैं. (Photo: mercedes-benz.com)
इस MPV में 31.3-इंच का बड़ा 8K रिट्रैक्टेबल डिस्प्ले दिया गया है, जो इस्तेमाल न होने पर रूफ लाइनर में छिप जाता है. इस डिस्प्ले पर आप राइड के दौरान अपने मनपसंद की मूवी, सीरीज या किसी भी वीडियो कंटेंट का मजा ले सकते हैं. इसके अलावा इस पर आप गेमिंग का भी मजा ले सकते हैं. (Photo: mercedes-benz.com)
इसके अलावा कार में ओवर-द-एयर अपडेट, 750-वॉट का 22-स्पीकर डॉल्बी एटमॉस (Dolby Atmos) साउंड सिस्टम, पैनोरमिक ग्लास रूफ और खास सेंटर कंसोल दिया गया है जिसमें आप अपने जरूरत के अनुसार किसी भी ड्रिंक या बेवरेज को गर्म या ठंडा रख सकते हैं. (Photo: mercedes-benz.com)
इसमें UV डिसइंफेक्शन सिस्टम भी दिया गया है. सीटों को टचस्क्रीन या स्मार्टफोन ऐप के जरिए भी एडजस्ट किया जा सकता है. सेफ्टी के लिए इसमें 10 कैमरे, 5 रडार और 12 अल्ट्रासोनिक सेंसर लगाए गए हैं. (Photo: mercedes-benz.com)
Mercedes-Benz VLE कंपनी के नए VAN.EA प्लेटफॉर्म पर बनी पहली इलेक्ट्रिक MPV होगी. इसी प्लेटफॉर्म पर आगे चलकर कंपनी VLS जैसे और मॉडल भी लाएगी. भविष्य में कंपनी 80 kWh LFP बैटरी वाले छोटे वेरिएंट भी ला सकती है. इसके अलावा VAN.CA प्लेटफॉर्म पर पेट्रोल या डीजल इंजन वाले मॉडल भी आने की संभावना है. (Photo: mercedes-benz.com)
इस लाइनअप का पहला वेरिएंट VLE 300 होगा, जो 276 hp की पावर देगा और इसकी रेंज 700 किमी से ज्यादा बताई गई है. इसमें 115 kWh की बड़ी NMC बैटरी और 800V इलेक्ट्रिकल सिस्टम मिलेगा. कंपनी के मुताबिक सिर्फ 15 मिनट की चार्जिंग में करीब 320 किमी तक की रेंज मिल सकती है. (Photo: mercedes-benz.com)
इसके बाद ज्यादा पावरफुल VLE 400 वेरिएंट आएगा, जिसमें ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम और 415 hp की पावर मिलेगी. कंपनी का कहना है कि ये कार महज 6.5 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. (Photo: mercedes-benz.com)