UNGA की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को अंतरराष्ट्रीय मीडिया के सामने भारी फजीहत का सामना करना पड़ा है. संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से बाहर निकलते समय जब पत्रकारों ने शहबाज शरीफ को घेरा और आतंकवाद को लेकर तीखे सवाल पूछे, तो पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के पास कहने के लिए कुछ नहीं था. वे सवालों से बचते हुए चुपचाप आगे बढ़ गए. पत्रकारों ने उनसे साफ शब्दों में पूछा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को अपनी धरती पर पनाह देना कब बंद करेगा. इसके साथ ही लश्कर-ए-तैयबा के चीफ और मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद पर मुकदमा चलाने को लेकर भी सवाल दागा गया. इन गंभीर सवालों को सुनते ही शहबाज शरीफ ने चुप्पी साध ली और बिना कोई जवाब दिए तेजी से वहां से निकल गए.