अमेरिका के टेक्सास स्थित पोर्ट आर्थर की एक बड़ी तेल रिफाइनरी में भीषण आग लग गई. सोमवार को देर रात रिफाइनरी के एक इंडस्ट्रियल हीटर में हुए जोरदार धमाका हुआ जिसके बाद आग भड़क गई. आग लगने के बाद साइट से धुएं का काला और घना गुबार निकलता देखा गया.
ये हादसा 'वलेरो एनर्जी' की रिफाइनरी में हुआ, जो रोजाना 380,000 बैरल तेल प्रोसेस करने की क्षमता रखती है. ये रिफाइनरी अमेरिका की सबसे अहम तेल रिफाइनरी केंद्रों में से एक है.
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:30 बजे एक तेज धमाका सुना गया. इस विस्फोट का असर इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज पोर्ट आर्थर के साथ-साथ पड़ोसी इलाकों जैसे ग्रोव्स और नीदरलैंड में भी महसूस की गई.
धमाके के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के कुछ हिस्सों में, जैसे पश्चिमी इलाके के निवासियों के लिए 'शेल्टर-इन-प्लेस' का आदेश जारी किया गया. लोगों को सलाह दी गई है कि वोअपने घरों के अंदर रहें और खिड़कियां और दरवाजे पूरी तरह बंद रखें ताकि धुएं और जहरीली गैसों से बचा जा सके.
प्रशासन की ओर से अभी तक किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है. वलेरो एनर्जी ने भी इस घटना पर तत्काल कोई बयान जारी नहीं किया है. आपातकालीन टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है.
ईंधन उत्पादन का मुख्य केंद्र है 'वलेरो एनर्जी' रिफाइनरी
पोर्ट आर्थर की 'वलेरो एनर्जी' रिफाइनरी अमेरिका के 'गल्फ कोस्ट' रिफाइनिंग नेटवर्क का एक अहम हिस्सा है. ये नेटवर्क देश के टोटल ईंधन प्रोडक्शन में एक बड़ी हिस्सेदारी रखता है. ऐसे में इस रिफाइनरी में कामकाज रुकने से क्षेत्र की ईंधन आपूर्ति पर प्रभाव पड़ सकता है.