ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कड़ी चेतावनी दी है. खामेनेई ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अमेरिका चाहे जितनी कोशिश कर ले, वो ईरान के इस्लामी गणराज्य को सत्ता से हटाने में कभी कामयाब नहीं होगा.
स्टेट मीडिया के मुताबिक, खामेनेई ने अमेरिका की सैन्य शक्ति पर तंज कसते हुए कहा, 'अमेरिकी राष्ट्रपति कहते हैं कि उनकी सेना दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है, लेकिन दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना को भी कभी-कभी इतना जोरदार थप्पड़ मारा जा सकता है कि वो उठ न पाए.'
खामेनेई ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि जंग के मैदान में सिर्फ तकनीकी श्रेष्ठता काम नहीं आती. उन्होंने कहा, 'अमेरिकी युद्धपोत से भी ज्यादा खतरनाक वो हथियार है जो उसे समुद्र की गहराई में डुबो सकता है.'
अमेरिका के साथ सुलह पर क्या बोले खामेनेई?
खामेनेई ने इस दौरान अमेरिका के साथ संभावित बातचीत की संभावनाओं को भी फिलहाल खारिज कर दिया है. उन्होंने बताया कि बिना किसी ठोस आधार के और जिसका नतीजा पहले से पता हो, ऐसी बातचीत करना बेवकूफी होगी.
यह भी पढ़ें: खामेनेई से मिलने को तैयार ट्रंप, क्या ईरान-अमेरिका में खत्म होगी कड़वाहट?
ईरान-अमेरिका के बीच तनाव क्यों?
ईरान और अमेरिका के बीच इन दिनों तनाव चरम पर है. इसकी वजह परमाणु समझौता टूटने के बाद अमेरिका के लगाए गए कड़े आर्थिक प्रतिबंध हैं. इसके साथ ही, गाजा और लेबनान में चल रहे संघर्ष की वजह से भी दोनों देश आमने-सामने हैं और फारस की खाड़ी में सैन्य टकराव बढ़ गया है. कथित तौर पर अमेरिका ने ईरान में सत्ता परिवर्तन (रिजाइम चेंज) की कोशिशें की हैं, जिसके चलते दोनों देशों के रिश्तों में दरार बढ़ती जा रही है.