हिंदू 2050 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आबादी होंगे जबकि भारत इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर मुसलमानों की सबसे ज्यादा आबादी वाला देश होगा. एक नए अध्ययन में ऐसा दावा किया गया है.
पीयू शोध केंद्र की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, हिंदुओं की आबादी पूरी दुनिया में 34 फीसदी बढ़ेगी और यह 2050 तक एक अरब से 1.4 अरब तक हो जाएगी. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2050 तक पूरी दुनिया की आबादी का 14.9 फीसदी हिंदू होंगे. इस तरह वे दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आबादी होंगे.
जो लोग किसी भी धर्म से नहीं जुड़े हुए हैं वे 13.2 प्रतिशत होंगे. इसमें कहा गया है, भारत में हिंदुओं के साथ-साथ मुसलमानों की भी बहुलता होगी और इंडोनेशिया को पीछे छोड़ भारत सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश भी हो जाएगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, अगले चार दशक में ईसाई सबसे बड़े धार्मिक समूह होंगे लेकिन इस्लाम किसी भी अन्य धर्म की तुलना में तेजी से बढ़ेगा. रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि 2050 तक मुसलमानों (2.8 अरब या आबादी का 30 फीसदी) और ईसाईयों (2.9 अरब या 31 फीसदी) की आबादी लगभग एक जैसी होगी जो इतिहास में संभवत: पहली बार होगा.
- इनपुट भाषा