थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी मुकदहान प्रांत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 बौद्ध भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब एक पिकअप ट्रक ने तीर्थयात्रा पर निकले भिक्षुओं के समूह को टक्कर मार दी. अधिकारियों के मुताबिक ट्रक एक 11 वर्षीय बच्चे द्वारा चलाया जा रहा था. पुलिस के मुताबिक, लड़का अपने माता-पिता का पिकअप ट्रक बिना इजाजत लेकर निकला था. करीब 10 किलोमीटर चलाने के बाद उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और तीर्थयात्रा पर निकले भिक्षुओं को पीछे से टक्कर मार दी.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक मुकदहान प्रांत के गवर्नर वोरायन बुनारात ने बताया कि 34 बौद्ध भिक्षु और 5 अन्य श्रद्धालु मुकदहान के एक मंदिर से पड़ोसी उबोन रत्चाथानी प्रांत के दूसरे मंदिर तक पैदल तीर्थयात्रा कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ट्रक ने उन्हें कुचल दिया. हादसे में 5 भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसा स्थानीय समयानुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुआ.
इसके अलावा 22 भिक्षु और एक श्रद्धालु घायल हुए हैं. घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि हादसे की परिस्थितियों की जांच जारी है. अधिकारियों के मुताबिक ट्रक चला रहा 11 वर्षीय बच्चा हादसे के बाद सदमे में है. इसी वजह से पुलिस अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी है. पुलिस ने कहा कि रोड रेज के इस मामले में अभी तक कोई आरोप दर्ज नहीं किया गया है क्योंकि जांचकर्ता दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.
इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि बौद्ध भिक्षुओं का समूह सड़क किनारे एक लाइन में पैदल चल रहा है. तभी एक तेज रफ्तार पिकअप ट्रक उन्हें पीछे से टक्कर मारता है और भिक्षु उछलकर सड़क के किनारे गिरते हैं. पुलिस ने हादसे के बाद वाहन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया.