scorecardresearch
 

शुभेंदु अधिकारी के शपथग्रहण में जुटेगी भीड़, कोलकाता में निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी

कोलकाता पुलिस ने शपथग्रहण स्थल ब्रिगेड परेड मैदान के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है. कोलकाता पुलिस ने शहर की कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है.

Advertisement
X
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा शपथग्रहण समारोह (Photo: ITG)
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा शपथग्रहण समारोह (Photo: ITG)

पश्चिम बंगाल को आज यानी 9 मई को नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है. एक दिन पहले हुई भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को नेता चुना गया था. शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में शपथ लेंगे. नई सरकार के शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही बीजेपी की सरकार वाले सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है.

इसे देखते हुए कोलकाता पुलिस भी अलर्ट मोड में है. कोलकाता पुलिस ने ब्रिगेड परेड मैदान के आसपास और शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी है. कोलकाता शहर में और आसपास मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. कोलकाता पुलिस की ओर से शुक्रवार की देर शाम जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक एस्प्लेनेड रैंप, खिदिरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, कैसुअरीना एवेन्यू और क्वींस वे पर वाहनों की आवाजाही कम रहेगी .

यह भी पढ़ें: शुभेंदु के PA की हत्या की जांच में नया मोड़, यूपी पहुंची SIT टीम... मर्डर में इस्तेमाल दूसरी बाइक भी बरामद

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड और कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है. कार्यक्रम स्थल के आसपास कई लेयर का सुरक्षा घेरा रहेगा. वीवीआईपी काफिलों की सुगम आवाजाही और कोलकाता में जाम से बचने के लिए कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है. आम नागरिकों को ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: Bengal CM Oath Ceremony Live: बंगाल में आज से BJP सरकार, 11 बजे CM की शपथ लेंगे शुभेंदु अधिकारी, PM मोदी-अमित शाह भी होंगे शामिल

कोलकाता पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक कोलकाता में मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. हालांकि सब्जियां, दवाइयां, दूध और ऑक्सीजन जैसी जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है. कार्यक्रम स्थल के आसपास कई इलाकों में पार्किंग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement