पश्चिम बंगाल की राजनीति के लिए आज यानी शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा. कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर अंतिम मुहर लगी. गृह मंत्री अमित शाह ने खुद उनके नाम का ऐलान किया, जिसका सभी विधायकों ने एक सुर में समर्थन किया. इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात की. उन्होंने विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपकर आधिकारिक तौर पर नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है. अब कल यानी 9 मई को सुबह 11 बजे होने वाले भव्य शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है.
बता दें कि शुभेंदु अधिकारी कल यानी 9 मई को सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. 9 मई का दिन बंगाल के लिए बेहद खास है, क्योंकि इस दिन रवींद्र जयंती मनाई जाती है. इसी शुभ अवसर पर राज्य की पहली बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. भवानीपुर में ममता बनर्जी को मात देने वाले शुभेंदु के साथ दो डिप्टी सीएम भी बनाए जाने की चर्चा है, जिससे राज्य में नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिल सकते हैं.
वहीं, बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने कल यानी गुरुवार की रात को (7 मई) को राज्य विधानसभा को भंग कर दिया था. कोलकाता गजट में जारी आधिकारिक अधिसूचना का हवाला देते हुए बताया गया कि विधानसभा को भंग करने का यह कदम पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद उठाया गया है.
पश्चिम बंगाल की नई सरकार और सियासी उथल-पुथल से जुड़े सभी अपडेट्स के लिए LIVE पेज पर बने रहें.
पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल होंगे. वे कल सुबह पटना से कोलकाता के लिए रवाना होंगे.
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा कल यानी 9 मई कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. उन्होंने बंगाल में बीजेपी की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वे इस खास पल का गवाह बनने के लिए खुद वहां मौजूद रहेंगे.
भूपेन्द्र यादव और शुभेंदु अधिकारी राजभवन के लिए रवाना हुए. राज्यपाल से मिलकर शुभेंदु सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी नेतृत्व और नवनिर्वाचित विधायकों का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि 'मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह और जी का दिल से धन्यवाद करता हूं.
कोलकाता में नवनिर्वाचित विधायकों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने घुसपैठ के मुद्दे पर सबसे कड़ा रुख अपनाया. शाह ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिस तरह हमने असम में घुसपैठ को पूरी तरह से थाम दिया है, अब बंगाल में भी वही होगा और यहां भी अवैध घुसपैठ को पूरी तरह असंभव बना दिया जाएगा.
कोलकाता में विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने जीत के आंकड़ों पर खुशी जताई. उन्होंने बताया कि इस बार बंगाल में बीजेपी की लहर कितनी प्रचंड थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमारे विधायकों की जीत का औसत 28 हजार वोट रहा है.
अमित शाह ने अपने संबोधन में पार्टी के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का विशेष जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज बंगाल की धरती पर बीजेपी की सरकार बनना डॉ. मुखर्जी के संघर्षों और उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है. शाह के मुताबिक, जिस राष्ट्रवाद की नींव उन्होंने रखी थी, आज उसी पर चलकर बंगाल में पहली बार पूर्ण बहुमत की बीजेपी सरकार बनने जा रही है.
कोलकाता में विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल की बौद्धिक और सांस्कृतिक विरासत को नमन किया. उन्होंने ऐतिहासिक मुहावरे का जिक्र करते हुए कहा कि' बंगाल जो आज सोचता है, भारत वो कल सोचता है.' पिछले कुछ दशकों में इस गौरव को चोट पहुंची थी, लेकिन आज जिस तरह से आपने परिवर्तन की नींव रखी है, उससे वो पुराना गौरव फिर लौट रहा है.
कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की सबसे अहम बैठक शुरू हो चुकी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वहां मौजूद हैं. सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर है कि मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग चुकी है और बस कुछ ही मिनटों में इसका औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा.
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी चर्चाओं के बीच बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी पार्टी की विधायक दल की बैठक में पहुंच गए हैं. भवानीपुर और नंदीग्राम से जीत दर्ज करने वाले शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है. शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है. विधायक दल की बैठक पर अब सभी की नजरें टिकी हैं.
निशिथ प्रमाणिक ने शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में बड़ा बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी है. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें बंगाल में ऐसा मुख्यमंत्री चाहिए जिसने ममता बनर्जी को दो बार हराया हो. निशित का यह खुला समर्थन सीधे तौर पर शुभेंदु अधिकारी के पक्ष में एक बड़ी पैरवी माना जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल बीजपी सरकार में दो उपमुख्यमंत्री होंगे. कहा जा रहा है कि एक महिला उपमुख्यमंत्री का होना करीब-करीब तय माना जा रहा है.
सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने कोलकाता में मीडिया से बात करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब कोई 'हिंदू हृदय सम्राट' राज्य का मुख्यमंत्री बनेगा. उन्होंने कहा, 'TMC सरकार ने बंगाल की स्थिति को पाकिस्तान जैसा बना दिया था. बंगाल की जनता को अब आजादी मिलेगी. अगले 24 घंटों में बंगाल में एक नया सूरज उगेगा.'
नई सरकार के स्वागत की तैयारियों में पश्चिम बंगाल विधानसभा को नए रूप में सजाने का काम शुरू कर दिया गया है. विधानसभा परिसर में रंग-रोगन का काम चल रहा है. कुर्सी और टेबलों की पॉलिश की जा रही है. मुख्यमंत्री के बैठने वाले कक्ष से लेकर स्पीकर और मंत्रियों के कमरों तक साफ-सफाई और मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है.
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आगमन पर केंद्रीय गृह अमित शाह का स्वागत करने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया. इसमें उन्होंने अमित शाह की तरफ इशारा करते हुए लिखा, "यह पहली बार है, जब 'आधुनिक चाणक्य' डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की बीजेपी की शानदार जीत के बाद पश्चिम बंगाल की इस पावन भूमि पर पधार रहे हैं. आपकी रणनीतिक दूरदृष्टि ही इस ऐतिहासिक विजय की आधारशिला रही है."
उन्होंने आगे लिखा कि पश्चिम बंगाल की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में प्रगति के एक नए युग का सूत्रपात करने और 'सोनार बांग्ला' के पुनर्निर्माण के लिए पूरी तरह तैयार है. लाखों-लाखों बीजेपी कार्यकर्ता, करोड़ों समर्थक और पश्चिम बंगाल की जनता, पश्चिम बंगाल में 'भगवा लहर' के बाद आपके संबोधन और आपके ज्ञानवर्धक विचारों को सुनने के लिए बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं.
पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद बीजेपी अब सरकार गठन की तैयारी में है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे, जहां एयरपोर्ट से होटल तक उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के साथ एक ही गाड़ी में सफर किया. दोनों नेता कोलकाता के होटल नोवोटेल पहुंच चुके हैं, जहां विधायक दल की बैठक होने वाली है.
मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे चल रहे बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने आजतक से बात करते हुए कहा, "बंगाल में ममता बनर्जी का 15 साल का शासन ढह गया. तृणमूल कांग्रेस एक ऐसा माफिया गिरोह है, जिसकी कोई जड़ नहीं है और इसे समाज से खत्म कर देना चाहिए.”
उन्होंने TMC कार्यकर्ताओं को BJP में शामिल करने के मुद्दे पर कहा, “पार्टी ने कहा है कि वे अभी किसी को नहीं लेंगे. लेकिन ‘अभी’ का मतलब हमेशा के लिए नहीं है.”
दिलीफ घोष ने आगे कहा, “उन्होंने तापस रॉय (उत्तरी कोलकाता के मानिकतला से नवनिर्वाचित विधायक) जैसे लोगों को लिया है. इसलिए अगर कोई उपयोगी है और उसकी नीयत अच्छी है, तो वह भविष्य में शामिल हो सकता है. लेकिन अभी के लिए, पार्टी के दरवाज़े बंद हैं.”
Bengal New Government: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल पहुंच गए हैं. आज बीजेपी की विधायक दल की मीटिंग होनी है, जिसमें बंगाल के मुख्यमंत्री पद के लिए नाम का चयन किया जाएगा. अमित शाह का स्वागत करने के लिए BJP के समर्थक कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचे. अमित शाह के कोलकाता आगमन पर उनके सम्मान के लिए एयरपोर्ट पर एक छोटा मंच तैयार किया गया है. उनके निर्धारित दौरे और नवनिर्वाचित विधायकों के साथ होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों की तैयारियां ज़ोरों पर हैं.
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि वह BJP के अनुभवी रणनीतिकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर काम करेंगे, जो इस प्रक्रिया के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर काम कर रहे हैं.
माझी के करीबी एक नेता ने कहा कि पार्टी के बंगाल विधानमंडल की चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनना उनके लिए एक "बड़ा अवसर" हैय उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार है, जब ओडिशा के मुख्यमंत्री राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक मामलों में कोई अहम भूमिका निभा रहे हैं.
माझी तीन बार पश्चिम बंगाल का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने ओडिशा-बहुल विधानसभा क्षेत्रों में BJP उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया है.
एक वायरल वीडियो में शिबपुर में बमबारी के बीच 'अल्लाहु अकबर' और 'नारा-ए-तकबीर' के नारे सुनाई दे रहे हैं, जिसके बाद बीजेपी ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है.
बीजेपी ने टीएमसी के नेतृत्व वाले एक समूह पर शिबपुर में बम हमला करने का आरोप लगाया है, जिसमें बीजेपी के दो कार्यकर्ता घायल हो गए. यह घटना हावड़ा में शिबपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चौदाबस्ती इलाके में हुई, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया.
आसनसोल के सियासी गलियारों में हलचल मच गई है. तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों और हाल ही में चुने गए बीजेपी विधायक जितेंद्र तिवारी के बीच लगातार हुई मुलाक़ातों ने पश्चिम बर्धमान के इस औद्योगिक क्षेत्र में बदलते सियासी समीकरणों को लेकर अटकलों का बाज़ार गर्म कर दिया है.
गुरुवार को आसनसोल नगर निगम के तहत कुल्टी के वार्ड नंबर 19 से TMC पार्षद उषा रजक ने आसनसोल स्थित जितेंद्र तिवारी के आवास पर जाकर उनसे मुलाक़ात की. उन्होंने हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में मिली जीत के लिए जितेंद्र तिवारी को बधाई दी. इससे पहले, TMC के एक और पार्षद जीतू सिंह ने भी बीजेपी विधायक से उनके आवास पर मुलाकात की थी.
हालांकि, इन दोनों मुलाकातों को आधिकारिक तौर पर 'शिष्टाचार भेंट' बताया गया है, लेकिन राज्य में बीजेपी की शानदार चुनावी जीत के बाद इन घटनाक्रमों ने सियासी चर्चाओं को और तेज़ कर दिया है.
चुनाव नतीजों के बाद उनसे मिलने आने वाले लोगों की बढ़ती संख्या पर बात करते हुए जितेंद्र तिवारी ने कहा कि लोगों का स्नेह और विश्वास पाकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है, लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि इससे उनकी ज़िम्मेदारी भी बढ़ गई है.
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल को एक स्थिर और अच्छी सरकार मिलेगी, जिसे राज्य में पहली बार बीजेपी बनाएगी. माझी को पश्चिम बंगाल के लिए पार्टी का सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. उन्होंने कहा, "बंगाल चुनावों के नतीजे बीजेपी के पक्ष में आए हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन सह-पर्यवेक्षक के तौर पर काम करना एक बहुत बड़ा मौका है."
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल के मामले पर अमित शाह सहित केंद्रीय नेतृत्व से बात करना उनके लिए निश्चित रूप से एक बड़ा अवसर था. उन्होंने कहा, "हम चर्चा करेंगे, और बंगाल को एक स्थिर और अच्छी सरकार मिलेगी."
(इनपुट- पीटीआई)
चुनाव नतीजों में बीजेपी ने 293 में से 200 से ज्यादा सीटें जीतकर राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव कर दिया. इसके बाद से ही मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज हैं. नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदारों में माने जा रहे हैं. संगठन और कैडर के बीच उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है. वहीं, पार्टी नेतृत्व सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए किसी नए चेहरे पर भी दांव लगा सकता है.