उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक भतीजे ने अपनी ही चाची की हत्या कर दी. घटना महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बनहर गांव की है, जहां बुधवार देर रात दो परिवारों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसा में बदल गया. पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 42 साल की रवीता देवी के रूप में हुई है, जो उमेश विश्वकर्मा की पत्नी थीं. उमेश फिलहाल विदेश में काम करते हैं. बताया जा रहा है कि दोनों परिवार आपस में रिश्तेदार हैं और किसी पुराने विवाद को लेकर उनके बीच बहस चल रही थी.
इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी युवक ने फावड़े से रवीता देवी पर हमला कर दिया. उसने उनके सिर और गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं. घटना के दौरान दो बच्चे बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन वे भी घायल हो गए. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग रवीता देवी को तुरंत महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. संजय रेड्डी और महुआडीह थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया है, जबकि उसके परिवार के कुछ सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
पुलिस का कहना है कि हत्या की यह घटना पारिवारिक विवाद का नतीजा है. आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गांव में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.