पश्चिम बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या के मामले में सीबीआई को एक और बड़ी सफलता मिली है. जांच एजेंसी ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में कथित साजिशकर्ता विनय राय को उत्तर प्रदेश के बनारस से गिरफ्तार किया है.
सीबीआई के मुताबिक आरोपी विनय राय इस हत्या की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था. वह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का रहने वाला है. गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम उसे अपने साथ पश्चिम बंगाल लेकर रवाना हो गई है, जहां उससे आगे पूछताछ की जाएगी.
अब तक पांच गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक सीबीआई पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. जांच एजेंसी लगातार इस हत्याकांड की साजिश की परतें खोलने में जुटी है और आरोपियों के बीच आपसी कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं.
सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि विनय राय की गिरफ्तारी से मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है. एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किस स्तर पर रची गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है.
गौरतलब है कि सोमवार को सीबीआई ने एक आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया. बताया जा रहा है कि आरोपी हरिद्वार से दिल्ली की ओर फरार होने की कोशिश कर रहा था, तभी सीबीआई और मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया. यह गिरफ्तारी एनएच-58 स्थित छपार टोल प्लाजा के पास सुबह के समय की गई. आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है और उसे इस हत्याकांड में प्रमुख आरोपियों में से एक माना जा रहा है. फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है.
कब हुई थी हत्या?
यह वारदात 6 मई की रात पश्चिम बंगाल के मध्यामग्राम इलाके में हुई थी, जब चंद्रनाथ रथ पर घात लगाकर हमला किया गया. जानकारी के अनुसार, एक फर्जी नंबर प्लेट लगी कार ने उनकी गाड़ी को रोका, जिसके बाद चार बाइक पर सवार करीब आठ हमलावरों ने नजदीक से ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी. यह हमला पूरी तरह से योजनाबद्ध बताया जा रहा है और इसे पोस्ट-पोल हिंसा से जोड़कर देखा जा रहा है.