वाराणसी के यूपी कॉलेज में छात्र सूर्या सिंह की निर्मम हत्या के मामले में अब उसकी मां किरन सिंह ने कई चौंकाने वाले दावे किए हैं. गाजीपुर स्थित दुबैठा गांव में 'आजतक' से बातचीत में बेटे की हत्या से परेशान और दुखी मां ने कॉलेज प्रशासन, खासकर प्रिंसिपल पर गंभीर साजिश के आरोप लगाए हैं. वहीं, पिता ने कहा कि हमने अपने बेटे को पढ़ने के लिए भेजा था लेकिन लौटकर उसकी लाश आई. इतना कहकर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं.
मृतक सूर्या की मां किरन सिंह ने कहा कि उनका बेटा पिछले 10-12 दिनों से बीमार था और चेचक निकलने के कारण घर से बाहर भी नहीं जा रहा था. इस बीच प्रिंसिपल का फोन आया और उसे कॉलेज बुलाया गया. जहां उसके साथ इतना बड़ा कांड हो गया.
यह भी पढ़ें: वाराणसी यूपी कॉलेज हत्याकांड: क्यों मंजीत चौहान को 'माफिया' कहते थे छात्र? भाई बोला- धमकाता था सूर्य प्रताप सिंह
मां के मुताबिक, सूर्या जैसे ही कॉलेज पहुंचा, वहां पहले से ही साजिश रची जा चुकी थी. उन्होंने आरोप लगाया, “प्रिंसिपल ने मेरे बेटे को ऑफिस में बुलाया और उसी समय हत्यारे छात्र को भी बुलाया. वह पिस्तौल लेकर आया और मेरे बेटे को गोली मार दी.”
उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी छात्र मंजीत चौहान नशे में था. वह बीयर पीकर कॉलेज गया था और नशे में मेरे बेटे की छाती और सिर में गोली मार दी. किरन सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का काम नहीं है, बल्कि इसमें और लोग भी शामिल हैं. मारने वाले दो लोग हैं और प्रिंसिपल भी इसमें मिला हुआ है.
यह भी पढ़ें: वाराणसी के यूपी कॉलेज में BSc छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, छावनी में तब्दील हुआ कैंपस
हालांकि, उन्होंने रैगिंग की किसी भी बात से इनकार करते हुए कहा कि उनका बेटा बेहद मिलनसार था और सभी से अच्छे संबंध रखता था. आप चाहें तो किसी से भी पूछ सकते हैं, वह सबके साथ मिलजुल कर रहता था.
अपने इकलौते बेटे की मौत से टूट चुकी मां ने भावुक होकर कहा- “मेरा बेटा चला गया, अब कोई उसे वापस नहीं ला सकता. अब बुढ़ापे में हमारा सहारा कौन होगा?” उन्होंने सरकार और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें: वाराणसी के यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या के बाद तोड़फोड़, टीचर का सिर फटा-गाड़ियां क्षतिग्रस्त, कैंपस कराया जा रहा खाली
वहीं, आरोपी मंजीत चौहान को लेकर परिवार ने कहा कि उसके खिलाफ पहले से भी कई आरोप रहे हैं. सोशल मीडिया पर उसकी गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के पिता ऋषिदेव सिंह, मां किरन सिंह और पूरा परिवार गहरे सदमे में है और उत्तर प्रदेश सरकार व पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग कर रहे हैं.