उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 12वीं कक्षा के छात्र का शव बेहोश लड़की के पास मिले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही बेहोश लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस का कहना है कि लड़की के होश में आने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय मृतक के परिवार वालों ने लड़की के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि लड़की के परिवार वालों का दावा है कि घटना के वक्त वे घर में मौजूद नहीं थे. परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे एक रिश्तेदार के घर गए थे और पड़ोसियों से घटना के बारे में पता चला है.
ये भी पढ़ें- Delhi: छठवीं क्लास के छात्र ने कर दी थी 8वीं के बच्चे की हत्या... स्कूल के बाद दोनों में हुआ था विवाद
लड़की के घर में मिला छात्र का शव
मृतक के चाचा ने बताया कि लड़का गुरुवार की शाम ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा. इससे उसके परिजनों में दहशत फैल गई. फिर उसकी तलाश करने पर गुरुवार रात करीब 10 बजे मोरगंज इलाके में लड़की के घर में भतीजे का शव मिला. उसके बगल में लड़की भी बेहोश पड़ी थी.
लड़की के परिवार पर हत्या का आरोप
चाचा ने लड़की के परिवार पर अपने भतीजे को मारने के लिए अपने घर में बुलाने का आरोप लगाया है. साथ ही कहा कि उसके प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान थे. हमें नहीं पता कि मेरा भतीजा उस लड़की के संपर्क में कैसे आया और दोनों के बीच क्या संबंध थे.
मामले में पुलिस अधीक्षक ने कही ये बात
सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और लड़की का इलाज अस्पताल में चल रहा है. लड़की के होश में आने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा. इसके बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.