यूपी के संभल में कार सवार दो पुलिसकर्मियों की गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पिता-पुत्र को टक्कर मार दी. जिससे दोनों घायल हो गए. इस घटना से मौके पर मौजूद भीड़ आक्रोशित हो गई और कार से निकालकर एक सिपाही की जमकर पिटाई कर दी. सिपाही की पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
फिलहाल पुलिस ने सिपाही की तहरीर के आधार पर मारपीट करने वाले करणी सेना के जिलाअध्यक्ष सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. हादसा उस समय हुआ जब कार सवार दो पुलिसकर्मी चंदौसी तहसील से रजिस्टर लेकर बहजोई ड्यूटी पर जा रहे थे. तभी कार चालक सिपाही का पैर ब्रेक के बजाय एक्सीलेटर पर पड़ गया. जिसकी वजह से सिपाहियों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े हुए पिता पुत्र को टक्कर मारते हुए ई रिक्शा से टकरा गई.
यह भी पढ़ें: संभल में बड़ी कार्रवाई: 70 बीघा सरकारी जमीन पर चला प्रशासन का हंटर, फसल जोती, मकानों को नोटिस
कार सवार दोनों सिपाहियों की पहचान पवन कुमार और सिपाही पिंटू कुमार के रूप में हुई है. उधर स्थानीय लोगों ने घायल पिता पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया है. सिपाही के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर चंदौसी कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद मारपीट करने वाली भीड़ से सिपाही को छुड़ाया गया.
मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
वायरल वीडियो के आधार पर पिटाई करने वालों की पहचान करणी सेना के जिला अध्यक्ष बिट्टू ठाकुर और सुदेश व चार-पांच अन्य लोगों के रूप में की गई है. जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
चंदौसी कोतवाली प्रभारी अनुज तोमर ने बताया कि सिपाही पवन कुमार की शिकायत के आधार पर करणी सेना के जिलाअध्यक्ष बिट्टू ठाकुर और सुदेश समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है. फिलहाल एक आरोपी को हिरासत में भी लिया गया है.