उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर दो दिन पहले हुए भीषण सड़क हादसे का CCTV वीडियो अब सामने आ गया है. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में हादसे का पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद दिखाई दे रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि हाईवे पर रिवर्स ले रही कार को पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे.
दरअसल, यह हादसा रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव हलगोया कट के पास हुआ था. मृतक परिवार हरियाणा के बहादुरगढ़ से हरिद्वार गंगा स्नान और दर्शन के लिए जा रहा था. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर राहत कार्य शुरू कराया था.
यह भी पढ़ें: सहारनपुर में 7 महीने की प्रेग्नेंट महिला की मौत, 2 साल के बेटे को छोड़ गई, पति पर लगे आरोप
अब सामने आए CCTV वीडियो ने हादसे की भयावहता को बयां कर दिया है. वीडियो में टक्कर इतनी तेज दिखाई दे रही है कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कई मीटर तक घिसटती चली जाती है, जबकि स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित होकर पलट जाती है.
कैसे हुआ हादसा?
वायरल वीडियो के मुताबिक, मृतक परिवार की कार हलगोया कट पर चढ़ने के बजाय सीधे हाईवे पर आगे निकल गई थी. बताया जा रहा है कि चालक कट पार कर गया था और निर्माणाधीन हाईवे की ओर वापस जाने के लिए कार को रिवर्स कर रहा था.
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले और पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कॉर्पियो पलटकर सड़क पर जा गिरी.
पूरी घटना हाईवे पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस भी इसे अपनी जांच का अहम हिस्सा मानकर दुर्घटना के हर पहलू की पड़ताल कर रही है.
देखें वीडियो...
एक ही परिवार के चार लोगों की गई जान
इस दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय प्रवीन, उनकी 37 वर्षीय पत्नी प्रीति, बुजुर्ग मां सुदेश और नौ वर्षीय शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई थी. चारों एक ही परिवार के सदस्य थे और हरिद्वार दर्शन के लिए निकले थे.
हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सभी को तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे.
स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की. इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया.
जांच में जुटी पुलिस, CCTV भी बना अहम सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे. जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए.
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी थी. अब सामने आए CCTV फुटेज को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है.
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. वीडियो फुटेज के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों का परीक्षण किया जा रहा है ताकि पूरी घटना की क्रमवार पड़ताल की जा सके.