दो ओलंपिक मेडल जीत चुकीं भारतीय निशानेबाज मनु भाकर अब खेल के मैदान से आगे बढ़कर प्रशासनिक भूमिका में भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं. मनु इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) की एथलीट्स कमेटी के चुनाव में उतरेंगी. उन्हें 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए पिस्टल कैटेगरी में उम्मीदवार बनाया गया है.
इस कैटेगरी में दो पदों के लिए कुल 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. मनु ने खिलाड़ियों के हितों को केंद्र में रखते हुए अपना विजन भी सामने रखा है. उनकी प्राथमिकताओं में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा का ओलंपिक प्रोग्राम में भविष्य सुरक्षित करना और ISSF वर्ल्ड कप में खिलाड़ियों की प्राइज मनी बढ़ाने की पैरवी करना शामिल है.
मनु ने कहा कि इंटरनेशनल पर खेलने के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के सामने आने वाले अवसरों और चुनौतियों को करीब से महसूस किया है. उनका मानना है कि खिलाड़ी सिर्फ इवेंट में हिस्सा लेने वाले नहीं होने चाहिए, बल्कि उन्हें अपने खेल का भविष्य तय करने में भी सक्रिय भूमिका मिलनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि वह प्रतियोगिताओं के नियमों में स्थिरता, खिलाड़ियों के लिए बेहतर आर्थिक और व्यावसायिक अवसर, मजबूत वेलफेयर सिस्टम और अपनी समस्याएं उठाने के लिए सुलभ मंच तैयार करने की दिशा में काम करना चाहती हैं. उनका लक्ष्य ऐसा माहौल बनाना है, जहां खिलाड़ियों की बात सुनी जाए और उन्हें अपने खेल करियर के दौरान और उसके बाद भी जरूरी सहयोग और सुरक्षा मिले.
क्या चाहती हैं मनु भाकर
मनु चाहती हैं कि ओलंपिक साइकिल के दौरान शूटिंग के तकनीकी नियमों में बार-बार बदलाव न हो, ताकि खिलाड़ी एक निश्चित रणनीति के साथ तैयारी कर सकें. इसके अलावा वह सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए शूटिंग को नए दर्शकों तक पहुंचाने की भी पक्षधर हैं.
उन्होंने खिलाड़ियों की शिकायतों के समय पर और पारदर्शी समाधान के लिए एक सुरक्षित और गोपनीय व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव रखा है. साथ ही ISSF इवेंट्स में स्पोर्ट्स साइकोलॉजी प्रोग्राम और विशेष शांत क्षेत्र (Quiet Zones) के जरिए खिलाड़ियों की मानसिक सेहत को बेहतर समर्थन देने की बात कही है.
मनु का एजेंडा खिलाड़ियों के रिटायरमेंट के बाद की जिंदगी को भी कवर करता है. वह चाहती हैं कि खिलाड़ियों के लिए आर्थिक सुरक्षा और खेल से संन्यास के बाद दूसरे करियर में जाने के व्यावहारिक रास्ते तैयार किए जाएं.
दोहा में होगा चुनाव
ISSF एथलीट्स कमेटी का यह चुनाव कतर की राजधानी दोहा में होने वाली वर्ल्ड चैम्पियनशिप के दौरान कराया जाएगा. राइफल, पिस्टल और शॉटगन की यह वर्ल्ड चैम्पियनशिप 3 से 13 नवंबर तक आयोजित हो रही है. इसी प्रतियोगिता के दौरान 2026-2030 कार्यकाल के लिए कमेटी के सदस्यों का चुनाव होगा.