उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने गाजियाबाद में युवक की हत्या के मामले को लेकर मुस्लिम समाज से आत्ममंथन करने की अपील की है. बहराइच में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि मुस्लिम समाज गंभीरता से सोचे. उन्होंने कहा, 'आप गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की बात करते हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं के बाद आप पर कौन भरोसा करेगा?'
अनिल राजभर रविवार को बहराइच के चितौरा झील स्थित महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर आयोजित 'हर घर भगवा अभियान, कमल निशान कमल निशान' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने गाजियाबाद के चर्चित हत्याकांड पर अपनी प्रतिक्रिया दी.
उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी अपराधी को उसके अंजाम तक पहुंचा दिया है और इसके लिए पुलिस की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है. राजभर ने कहा कि जहां भी ऐसी घटनाएं होंगी, वहां कानून के तहत इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना को लेकर माहौल खराब करने या राजनीति करने की कोशिश करने वाले लोग संकीर्ण सोच के हैं.
क्या था गजियाब्द का मामला?
दरअसल, गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार निवासी सूर्या को 28 मई को हुए विवाद के दौरान चाकू मार दिया गया था. गंभीर रूप से घायल सूर्या की बाद में नोएडा के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आसद ने अपने पिता नवाब और अन्य साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद हमले की साजिश रची थी.
असद एनकाउंटर में ढेर
हालांकि, मृतक सूर्या के परिजनों का आरोप है कि ईद-उल-अजहा पर बकरे की कुर्बानी देखने से इनकार करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. मामले में 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी असद को 31 मई को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था. उसके पिता नवाब और उसके साथी फरहान तथा आतिफ को गिरफ्तार किया जा चुका है.
इस बीच, प्रशासन ने 1 जून को आसद के घर पर नोटिस चस्पा कर जमीन पर कथित अवैध कब्जे का आरोप लगाया और 15 दिन के भीतर जवाब नहीं देने पर ध्वस्तीकरण की चेतावनी दी.
समाजवादी पार्टी पर निशाना
कार्यक्रम में अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब सपा सत्ता में थी, तब आक्रमणकारियों से जुड़े स्थलों को सजाया-संवारा जाता था, जबकि भाजपा सरकार ने महाराजा सुहेलदेव, रानी दुर्गावती और पृथ्वीराज चौहान जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के सम्मान में स्मारकों का निर्माण कराया है. उन्होंने कहा कि भाजपा पिछड़े और दलित समाज के महापुरुषों को सम्मान देने का काम कर रही है.