scorecardresearch
 

मुरादाबाद: 'मुस्लिम' बनकर फरारी काट रहा था हिस्ट्रीशीटर! नरेश ने 20 साल पुलिस को दिया चकमा

मुरादाबाद पुलिस ने 20 साल से फरार हिस्ट्रीशीटर नरेश को गिरफ्तार किया है. आरोपी संभल में 'सुल्तान' बनकर पहचान छिपाकर रह रहा था. उसने लंबी दाढ़ी और मुस्लिम हुलिया अपनाकर फर्जी आधार व वोटर आईडी बनवा लिए थे. लूट-डकैती के आरोपी नरेश को फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़कर जेल भेज दिया गया है.

Advertisement
X
मुरादाबाद का नरेश संभल में सुल्तान बनकर छिपा था (Photo- ITG)
मुरादाबाद का नरेश संभल में सुल्तान बनकर छिपा था (Photo- ITG)

Uttar Pradesh News: मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. करीब 20-21 साल से फरार चल रहे शातिर हिस्ट्रीशीटर नरेश (56) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर संभल में ‘सुल्तान’ नाम से रह रहा था और फर्जी दस्तावेजों के सहारे जिंदगी बिता रहा था. उसने अपना हुलिया एकदम मुस्लिमों जैसा रख लिया था. लंबी दाढ़ी, कुर्ता-पैजामा और सिर पर टोपी पहनता था. 

पुलिस के अनुसार, पाकबड़ा निवासी नरेश पुत्र शंकर लंबे समय से फरार चल रहा था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान डींगरपुर रोड स्थित लाल बोर्ड के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तारी के बाद तलाशी में आरोपी के पास से कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए. इनमें दो आधार कार्ड, तीन वोटर आईडी, एक पैन कार्ड, एक ई-श्रम कार्ड, एक स्मार्ट कार्ड, एक लेटरहेड और उर्दू में लिखी एक हैंडबुक शामिल है. ये सभी दस्तावेज ‘सुल्तान पुत्र जमालुद्दीन’ के नाम से बने हुए थे.

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए करीब दो दशक पहले फरार हो गया था और संभल में नई पहचान बनाकर रहने लगा. पूर्व में लूट और डकैती के कई मुकदमे इस पर दर्ज हैं. उसने फर्जी तरीके से सरकारी दस्तावेज भी तैयार करा लिए थे, जिससे वह आसानी से अपनी पहचान छिपा सके.

Advertisement

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पाकबड़ा में 318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. एसपी सिटी रणविजय के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास और फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में शामिल नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement