बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री की खतरनाक हरकत सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट 6E-185 में सवार एक यात्री ने यात्रा के दौरान दो बार इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश की. सूत्रों के अनुसार, पहली बार यात्री ने उड़ान के दौरान दरवाजा खोलने की कोशिश की, जबकि दूसरी बार उसने यह हरकत उस समय की जब विमान वाराणसी में उतर रहा था. इस दौरान क्रू मेंबर्स ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए तय मानकों (एसओपी) का पालन किया.
विमान के सुरक्षित लैंड होने के बाद आरोपी यात्री को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना के कारण विमान को दोबारा चक्कर (गो-अराउंड) नहीं लगाना पड़ा और लैंडिंग सामान्य तरीके से पूरी हुई फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यात्री से पूछताछ कर रही हैं और उसके इस व्यवहार के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद ही शख्स ने पहली बार इमरजेंसी दरवाजे से छेड़छाड़ की कोशिश की. केबिन क्रू ने तुरंत उसे रोकते हुए चेतावनी दी, जिसके बाद वह कुछ समय तक सामान्य रहा.
विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई
लेकिन रात करीब 10:20 बजे, जब विमान वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरने ही वाला था और करीब 500 फीट की ऊंचाई पर था, तब अदनान ने फिर से इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश की. क्रू की सूचना पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लैंडिंग रोक दी और ‘गो-अराउंड’ करते हुए विमान को दोबारा सुरक्षित तरीके से 10:35 बजे उतारा.
इस घटना से विमान में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई, हालांकि सभी ने सुरक्षित लैंडिंग के लिए क्रू की सराहना की. नियमों के तहत आरोपी यात्री को तुरंत सुरक्षा एजेंसियों, जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल भी शामिल है, के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.