scorecardresearch
 

CCTV में कैद हुआ लखनऊ का गोलीकांड, सरेआम युवक को मारी गोली, आरोपी फरार

लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के यासीनगंज में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई. भीड़भाड़ वाले बाजार में अब्दुल खान को गोली मारकर आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हैं.

Advertisement
X
आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमें गठित.(Photo: Screengrab)
आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमें गठित.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को दिनदहाड़े सरेराह हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई. सआदतगंज थाना क्षेत्र के यासीनगंज इलाके में भीड़भाड़ वाले बाजार के बीच एक युवक को गोली मार दी गई. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए. घायल युवक की पहचान अब्दुल खान के रूप में हुई है. 

जानकारी के मुताबिक, आरोपी अमान अली ने बीच सड़क पर अब्दुल खान को निशाना बनाकर गोली चला दी. गोली उसके कंधे में लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार अब्दुल खान की हालत खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है.

यह भी पढ़ें: लखनऊ: सहारा सिटी में बनेगा कमल के आकार का नया विधानसभा भवन, 200 एकड़ में फैलेगा परिसर

VIDEO आया सामने, पुलिस जुटी वारदात की जांच में

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोलीकांड के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी देखी जा सकती है. पुलिस वीडियो और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

सूचना मिलते ही सआदतगंज थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की गई.

Advertisement

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह थी. फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है.

आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमें गठित

डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी अमान अली की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है.

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और वीडियो फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement