Lucknow Game Zone Building Lucknow Coaching Centre Fire LIVE: लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां एक एनिमेशन ट्रेनिंग सेंटर में भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत हो गई. इस गेमिंग जोन के नीचे ही एक पेट शॉप भी थी. सीएम योगी ने इस अग्निकांड के बाद अपने सारे दौरे रद्द कर दिए हैं. डीजीपी को मौके पर भेजा गया है. राहत और बचाव का कार्य जारी है. अग्निकांड से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहें.
लखनऊ में लगी आग की घटना में जो लोग बिना किसी चोट के या मामूली चोटों के साथ बच निकले, उन्होंने 'आजतक' से बात करते हुए बताया कि वे कलाकार और युवा कर्मचारी थे जो उस जगह पर काम करते थे.
आग लगने के बाद कई घंटों तक बचाव अभियान चला. दमकल विभाग, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें इमारत के हर फ्लोर की तलाशी लेती रहीं. सामने आया था कि कुछ छात्र वॉशरूम के अंदर फंसे हो सकते हैं. इसी सूचना के आधार पर कमरे-दर-कमरे तलाशी अभियान चलाया गया, और दमकल कर्मी हर वॉशरूम की जांच करते रहे. भारी धुएं के बीच बचावकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. एहतियात के तौर पर अस्पतालों, एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों को भी अभी भी अलर्ट पर रखा गया है. आग की सूचना मिलने के बाद मौके पर 14 दमकल गाड़ियां भेजी गईं, जिनमें एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन भी शामिल था. कई जगहों पर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए बचाव दलों ने दीवारों में छेद कर और उन्हें तोड़कर रेस्क्यू किया.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत में कहा, "आग अचानक लगी थी. यहां इस बिल्डिंग में एक एनिमेशन ट्रेनिंग सेंटर था. उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद स्टूडेंट बिल्डिंह के पिछले हिस्से की ओर भागे थे, हालांकि वे अपनी जान नहीं बचा सके." उन्होंने बताया कि अधिकांश मृतकों की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच थी और आग लगने के समय वे इमारत के अंदर मौजूद थे. पाठक ने कहा, "मैंने अपनी आंखों से 11-12 शव देखे हैं."
लखनऊ में आग लगने की घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'मुझे अभी-अभी लखनऊ में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण अग्निकांड की जानकारी मिली है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई है. यह बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. मैंने प्रशासन के कुछ अधिकारियों से बात की है और स्थिति का जायजा लेने के लिए तत्काल लखनऊ रवाना हो रहा हूं."
सीएम योगी ने लखनऊ को अलीगंज इलाके में पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया है. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ से कार्यक्रम रद्द कर लखनऊ पहुंच गए हैं. मुख्यमंत्री घटना स्थल पर जाकर हालत का जायजा लेंगे और KGMU भी जाएंगे. सीएम ने फोन पर फायर विभाग के अफसरों को फटकार लगाई है. हादसे के जिम्मेदारों को किसी भी हाल में न बख्शने के सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं.
KGMU के डॉक्टर प्रेमराज ने बताया कि 21-22 लोग अस्पताल लाए गए थे. जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी. मरने वालों में 12 पुरुष 3 महिलाएं हैं. आग लगने के दौरान कूदने वाले स्टूडेंट की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है, जिसका इलाज जारी है.
जिस कैंपस में आग लगी है, वहां गेमिंड इंडस्ट्री से जुड़े सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की ट्रेनिंग भी दी जाती थी. इमारत में एनिमेशन स्टूडियो भी चल रहा था. आग लगते है बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए ऊंचाई से कूदते नजर आ रहे हैं. गेमिंग जोन हादसे से जुड़ी वीडियो डराने वाली हैं.
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ अग्निकांड पर शोक जताया है. उन्होंने x पर पोस्ट में लिखा, 'लखनऊ में हुए दुःखद अग्निकांड में लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें। घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.'
आग लगने के बाद ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोगों के बाथरूम में फंसे होने की अपुष्ट सूचना भी सामने आई थी, लेकिन बाद में राहत और बचाव कार्य के दौरान सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया. आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि कई लोग इमारत से बाहर निकलने के लिए छज्जों और अन्य हिस्सों का सहारा लेते नजर आए. एक शख्स ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यहां पढ़ें पूरी खबर- ग्रिल पकड़ लटका, फिर जमीन पर आकर गिरा शख्स..., लखनऊ आग का खौफनाक वीडियो
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुई भीषण आग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. मृतकों की उम्र 20 से 24 साल के बीच बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. घटना के समय इमारत में अचानक आग लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग धुएं और लपटों से घिर गई. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
यहां पढ़ें पूरी खबर- लखनऊ अग्निकांड में 14 लोगों की मौत, डिप्टी CM ने की पुष्टि, जान बचाने को छत से कूदे लोग